Agra News: ढाई घंटे में कड़ी मशक्कत के बाद बुझ पाई मंटोला में कैमिकल फैक्ट्री की आग, एक झुलसा, तीन बचाए

Crime

केमिकल के सिलेंडर फटने से धमाकों की आवाजें दो किलोमीटर दूर तक सुनी गईं

आगरा: मंटोला क्षेत्र के टीला नंदराम स्थित कैमिकल फैक्ट्री में आज शनिवार की दोपहर लगी भीषण आग पर ढाई घंटे के अथक प्रयासों से काबू पाया जा सका। आग में चार लोग फंस गए थे, इनमें से एक झुलस गया। शेष तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया।

आग के कारण आस-पास के घरों में दरारें आ गईं। उन्हें खाली करा लिया गया। फैक्ट्री घनी बस्ती में है। इसके कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में दिक्कत आई। अंदर रखे केमिकल के सिलेंडर फटने से धमाकों की आवाजें दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंडोला कलर फैक्ट्री में दोपहर करीब एक बजे फैक्ट्री से धुआं उठने लगा। जब लोग अंदर पहुंचे तो वहां चार लोग फंसे हुए थे। एक कर्मचारी झुलस गया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन अन्य फंसे थे, उन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया गया। करीब साढ़े तीन बजे आग पर काबू पा लिया गया।

आग लगने से अफरातफरी मच गई। पड़ोस के व्यापारी दौड़कर अपने सामान को बचाने पहुंचे। लेकिन धमाकों की आवाज से सभी सहम गए। आग और धमाकों के चलते आस-पास के मकानों में दरार आ गईं। वहीं, घटना में गोदाम में खड़ी दो सफारी जलकर राख हो गईं।