Agra News: बरात नहीं आई, कन्या पक्ष ने अधिक दहेज मांगने का आरोप लगाया तो वर पक्ष बोला- कन्या पक्ष को शराब नहीं पिलाई तो टूट गया रिश्ता!

Crime

आगरा: सैंया सर्किल के थाना कागारौल क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी 26 फरवरी को होनी थी। लेकिन बारात न आने से रिश्ता टूट गया। कन्या पक्ष ने अधिक दहेज मांगने का आरोप लगाया तो वर पक्ष का कहना है कि लग्न टीका चढ़ाने आए लड़की वालों को शराब नहीं पिलाई ताे वे नाराज हो गए। इसके बाद शादी से इंकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि युवती का रिश्ता मथुरा के थाना बरसाना क्षेत्र के गांव के युवक से तय हुआ था। लड़की पक्ष का कहना है कि रिश्ता तय होने के समय जो दहेज तय हुआ उस अनुसार हम लोग लड़के पक्ष के घर पर जाकर शगुन पूर्वक 24 फरवरी को लग्न टीका चढ़ा आए। 26 फरवरी को शादी होनी थी। जिसकी तैयारी में लगे हुए थे। इसके बाद बात बिगड़ गई। दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर तनातनी हो गई।

लड़की पक्ष ने लड़के पक्ष पर अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए थाना कागारौल पुलिस को तहरीर दे दी। साथ ही लड़की पक्ष का कहना है कि उन्होंने काफी मिन्नतें की। इसके बाद भी लड़का पक्ष के लोग नहीं माने तो उन्होंने अपना सामान वापस करने को कहा। लेकिन लड़का पक्ष ने सामान देने से मना करते हुए गोली मारने की धमकी दी।

वहीं लड़का पक्ष का कहना है कि टीका चढ़ाने के बाद आवभगत के समय शराब नहीं पिलाने से लड़की पक्ष के जो लोग टीका चढ़ाने आए थे वह नाराज हो गए। शादी करने से मना कर दिया। लड़के के पिता का कहना है कि वे शादी के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। बारात लेकर मथुरा में खड़े है लेकिन लड़की वालों ने कह दिया है कि अगर बारात लाए तो लाठी डंडों से पीटेंगे।

लड़का पक्ष का कहना है कि अगर लड़की पक्ष चाहे तो शादी थाने में भी कराने को तैयार हैं। देर मध्य रात्रि बाद तक मथुरा में लड़का पक्ष के लोग दूल्हा के साथ डटे रहे और मामले को सुलझाने के लिए प्रयास करते रहे, लेकिन बात नहीं बनी। लड़का पक्ष का ये भी कहना है कि उन्होंने लड़की पक्ष से काफी मिन्नतें की है, वह लड़की को कभी भी दुखी नहीं होने देंगे।

मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक कागारौल सुभाष चन्द्र पाण्डेय ने बताया कि लड़की पक्ष से तहरीर मिली है। अभी जांच पड़ताल कर रहे हैं।