Agra News: दरेसी के बर्तन व्यापारी से चार लाख की लूट, धौलपुर सैंपऊ से तगादा करके लौट रहा था

Crime

आगरा। थाना सैंया क्षेत्र में दो बदमाशों ने एक्टिवा सवार व्यापारी से चार लाख की लूट की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। दरेसी का बर्तन व्यापारी राजस्थान से तगादा करके लौट रहा था।

घटना थाना सैंया क्षेत्र के नगला केहरी इलाके में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। दो बदमाशों ने बर्तन व्यापारी को निशाना बनाया। उसकी एक्टिवा की चाबी छीन ली और धक्का देकर सड़क किनारे खेत में गिरा दिया। बदमाश एक्टिवा को लेकर भाग गए, एक्टिवा की डिग्गी में चार लाख रुपये रखे थे। घटना की जानकारी व्यापारी ने खेरागढ़ थाने पहुंचकर पुलिस को दी। लूट की घटना की जानकारी पर तत्त्काल अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

तेज नगर कमला नगर निवासी श्याम लालवानी की दरेसी में बर्तनों की दुकान है। वह राजस्थान के धौलपुर जिले के कस्बा सहपऊ से तकादा करके आ रहे थे। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि एक्टिवा की डिग्गी में चार लाख रुपये रखे थे। यह रकम वह तकादा करके दुकानदारों से वसूलने में मिली थी। वह सैंया के नगला केहरी में लघुशंका करने रुक गए। एक्टिवा को सड़क किनारे खड़ा किया और लघुशंका से निवृत्त होने लगे।

इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनकी चाबी छीन ली। एक बदमाश ने उनकी एक्टिवा को कब्जे में कर लिया। उसे स्टार्ट किया और लेकर भाग गया, जबकि दूसरा बदमाश बाइक से सैंया की ओर भाग निकला। उन्होंने बदमाशों के पीछे दौड़ लगाई और चिल्लाता रहा लेकिन तब तक वह दूर निकल चुके थे। राहगीरों से मदद लेकर वह खेरागढ़ थाने पहुंचे। पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।