आगरा: दिगंबर सिंह धाकरे को मनाने उनके घर पंहुचे भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, गिले-शिकवे हुए दूर

Politics

आगरा: टिकट न मिलने पर भावुक होकर भाजपा को छोड़ने वाले दिगंबर सिंह धाकरे को मनाने के लिए भाजपा के दिग्गज नेता उनके घर पहुंचे। आगरा आये भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दिगंबर सिंह को मनाया और भाजपा में शामिल किया। इसके बाद अब दिगंबर सिंह ने पार्टी से शिकवे शिकायत खत्म कर भाजपा का मंच भी साझा किया।

आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के करीबी दिगंबर सिंह धाकरे खेरागढ़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने यह मौका नहीं दिया जिससे वह बगावत पर उतर आए और खेरागढ़ विधानसभा से निर्दलीय पर्चा दाखिल कर दिया। पर्चा दाखिल करने के दौरान दिगंबर सिंह धाकरे अपने साथ हुए इस व्यवहार को लेकर भावुक हो गए और जिला मुख्यालय पर फूट-फूट कर रोने लगे थे।

दिगंबर सिंह धाकरे ने पर्चा तो दाखिल किया लेकिन चुनाव नहीं लड़ा। जिसके बाद आगरा पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और पार्टी के जिला अध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा सहित अन्य लोग दिगंबर सिंह धाकरे को मनाने उनके घर पहुंचे। घर पर हुई मुलाकात के बाद भाजपा के नेताओं के साथ दिगंबर सिंह धाकरे ने मंच भी साझा किया। भाजपा से बागी हुए और फिर भाजपा से गिले शिकवे खत्म कर भाजपाई हुए दिगंबर सिंह धाकरे के फोटोज सोशल मीडिया साइट पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। कयास लगाये जा रहे हैं कि दिगंबर सिंह धाकरे को पार्टी नई जिम्मेदारी दे सकती है।