आगरा: युवक की मौत के बाद परिजनों का जमकर हंगामा, एसपी सिटी ने बैठाई जांच

Crime

आगरा। पुलिस को देख कर भाग रहे एक युवक की गिरकर मौत होने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए एसएन अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने परिजनों से शव छीन कर पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच जमकर खींचतान हुई। पूरे मामले में एसपी सिटी ने जांच के आदेश दिए हैं।

चावला नर्सिंग होम के पास भगवान सिंह राठौर अपनी पत्नी नीता और पांच मासूम बच्चों के साथ किराए के घर में रहता था। भगवान सिंह ऑटो चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। सोमवार दोपहर को एक ऑटो वाला भगवान सिंह को मरणासन्न हालत में एस एन अस्पताल में छोड़कर चला गया। डॉक्टर उसका इलाज करते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर एस एन अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने बमुश्किल परिजनों से शव को छीनकर पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की और खींचतान हुई।

मृतक की पत्नी नीता ने अज्ञात पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट कर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस युवक को एसएन लाने वाले ऑटो चालक से पूछताछ कर रही है। मामले में इंस्पेक्टर हरी पर्वत अरविंद कुमार ने बताया कि भगवान संजय प्लेस पर जुआं खेल रहा था। पुलिसकर्मियों को देखकर वह भागने लगा। इसी दौरान गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना की सीसीटीवी फुटेज हमारे पास है। मामले में एसपी सिटी विकास कुमार ने जांच के बाद जानकारी देने की बात कही है।

आक्रोशित परिजनों ने एस एन अस्पताल के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। सड़क से जाम हटाने के लिए पुलिस ने पहले तो परिजनों को समझाने का प्रयास किया। मगर, नोक-झोंक बढ़ने पर पुलिस ने स्ट्रेचर सहित शव को छीन लिया और सड़क पर दौड़ने लगे। पुलिस स्ट्रेचर सहित मृतक के शव को लेकर पोस्टमार्टम हाउस की तरफ भाग रही थी। उनके पीछे मृतक के परिजन दौड़ लगा रहे थे।