अग्निपथ योजना: आगरा रेल मंडल हाई अलर्ट जोन मेें, भेजे गए डीआईजी रेलवे, अधीनस्थों के साथ किया फ्लैग मार्च

स्थानीय समाचार

आगरा: अग्निपथ योजना को लेकर देशभर में प्रदर्शन चल रहे हैं। देश के कई राज्यों में रेलवे की संपत्ति को निशाना बनाया गया है। कई ट्रेनों को विरोध प्रदर्शन की आग के चलते आग के हवाले कर दिया गया। आगरा रेल मंडल में भी एक स्टेशन पर इसी तरह की छुटपुट घटना देखने को मिली थी। जिसके बाद आगरा रेल मंडल को भी हाई अलर्ट जोन में रखा गया है। इसकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पश्चिमी जोन के रेलवे डीआईजी सौरभ त्रिवेदी को आगरा में लगाया गया है।

रविवार सुबह रेलवे डीआईजी ने किया फ्लैग मार्च

रविवार सुबह डीआईजी रेलवे सौरभ त्रिवेदी आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे। यहां पर उन्होंने आरपीएफ जीआरपी और सिविल पुलिस के साथ मिलकर आगरा कैंट स्टेशन और रेलवे ट्रैक पर फ्लैग मार्च किया। अधीनस्थों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौधरी ने प्रेसवार्ता में इस दौरे की जानकारी दी।

मुकदमा दर्ज किया गया

इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि डीआईजी रेलवे को हाईकमान ने आगरा जोन में लगाया है। वह आज सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए आगरा आए थे। जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस के साथ मिलकर उन्होंने फ्लैग मार्च किया। व्यवस्थाओं को देखा। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुरेश चौधरी ने बताया कि 17 तारीख को भांडई रेलवे स्टेशन पर युवाओं ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान रेलवे की संपत्ति को भी क्षति पहुंची थी। उस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।