आगरा: अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण एक्टिविटस के ट्वीट के बाद नींद से जागा प्रशासन, शुरू हो गया दशहरा घाट पर सफाई अभियान

Regional

आगरा: ताजमहल घूमने आई पर्यटक लिसीप्रिया कंगुजम के ट्वीट के बाद आखिरकार नगर निगम की कुंभकरण की नींद खुल ही गई। नगर निगम की ओर से ताजमहल के पीछे दशहरा घाट यमुना किनारे पर सफाई अभियान शुरू करा दिया गया है। लगातार इस घाट की सफाई की जा रही है, जिससे पर्यटकों को दशहरा घाट पर गंदगी से दो चार ना होना पड़े। ताज की खूबसूरती में कोई दाग ना लगे।

हाथ में पोस्टर लेकर किया था ट्वीट

अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण एक्टिविटस लिसिप्रिया ने ताजमहल के पीछे यमुना नदी के पास पड़ी गंदगी को लेकर एक फोटो अपने टि्वटर हैंडल पर पोस्ट किया था। लिसिप्रिया द्वारा हाथ में पकड़े हुए पोस्टर पर लिखा हुआ था “ताजमहल की खूबसूरती के पीछे प्लास्टिक प्रदूषण है। यह फोटो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थानीय प्रशासन सालों से सोया हुआ था, उसकी नींद खुल गई। नगर निगम ने यहां पर सफाई अभियान शुरू कर दिया। गंदगी को लेकर अपने बचाव में अपनी प्रतिक्रिया भी जारी कर दी।

ये बोले लोग

इस पूरे मामले को लेकर जब मीडिया ने जब दशहरा घाट का दौरा किया और वहां रहने वाले स्थानीय लोगों से वार्ता की तो उनका कहना था कि ताजमहल के पीछे यमुना नदी और उसके घाट पर बहुत गंदगी है। यहां कूड़े का अंबार लगा रहता है लेकिन कोई भी जिम्मेदार लोग यहां कभी नहीं आते हैं। ताजमहल के पीछे यमुना नदी घाट पर गंदगी का अंबार लगा है। यह भी मामला उस समय सुर्खियों में आया, जब एक पर्यटक ने इस गंदगी का फोटो अपने ट्विटर अकाउंट पर अपलोड किया। वह पर्यटक अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण एक्टिविट्स निकली। इसीलिए स्थानीय और जिला प्रशासन भी हरकत में आया। नहीं तो कोई आम व्यक्ति इस गंदगी की फोटो अपलोड करता है या शेयर करता तो इन सोए हुए अधिकारियों पर कोई भी फर्क नहीं पड़ने वाला था।

ट्वीट के कारण खुली अफसरों की नींद

लोगों का कहना है कि एक ट्वीट के कारण अधिकारियों की नींद खुल गई और वह लगातार दशहरा घाट और यमुना नदी के किनारे की सफाई करा रहे हैं लेकिन यह कार्य बस कुछ ही दिन का है। उसके बाद फिर से यही स्थिति ताजमहल के पीछे रहने वाली है। ताजमहल विश्व प्रसिद्ध इमारत है और ताजमहल को देखने के लिए देश और विदेश से सैकड़ों की संख्या में रोज पर्यटक आगरा का रुख करते हैं लेकिन ताजमहल की खूबसूरती के साथ-साथ वह ताजमहल के पीछे पड़ी गंदगी को देखकर क्या सोचते होंगे और ताजमहल की क्या छवि लेकर लौटते होंगे।

नगर निगम की है जिम्मेदारी

इस पूरे मामले को लेकर एएसआई अधीक्षण राजकुमार पटेल ने कहा कि ताजमहल के अंदर साफ सफाई का कार्य एएसआई के अंडर में आता है लेकिन ताजमहल के बाहर एएसआई की जिम्मेदारी नहीं है। यह साफ सफाई का कार्य नगर निगम देखता है। अगर ताजमहल के आसपास गंदगी के अंबार लगे हुए हैं तो उसके जिम्मेदारी नगर निगम की है।

-साभार-  मून ब्रेकिंग