मुरादाबाद: थाना नागफनी इलाके के अकबर कंपाउंड में 11 मई की सुबह हुई डकैती ने पूरे शहर को दहला दिया था। बदमाशों ने पीतल कारोबारी इमरान के परिवार को बंधक बनाकर सवा करोड़ के करीब की नकदी और जेवर लूट लिए थे। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो डिजिटल लॉक का चाबी से खुलना और बिना किसी संघर्ष के बदमाशों का घर में दाखिल होना शक के घेरे में आ गया।
8 साल का प्रेम प्रसंग और लालच बना वजह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कारोबारी की बेटी का अरशद वारसी नाम के युवक के साथ पिछले 8-9 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अलग जाति होने के कारण पिता इमरान इस रिश्ते के खिलाफ थे। बेटी जानती थी कि उसके पिता के पास घर में हमेशा भारी नकदी रहती है। उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर योजना बनाई कि यदि यह पैसा हाथ लग जाए, तो वे अपनी जिंदगी ऐश-ओ-आराम से गुजार सकेंगे।
एक महीने पहले दी थी चाबियां, गेट पर खड़ी रही बेटी
साजिश इतनी सटीक थी कि बेटी ने घटना से एक महीने पहले ही घर की चाबियां अरशद को सौंप दी थीं। वारदात की रात (सुबह 3 बजे) उसने खुद मेन गेट खोला ताकि बदमाश आसानी से अंदर आ सकें। अरशद ने इस काम के लिए कुलदीप, रवि, निक्की, आदित्य और बिड्डू जैसे अपराधियों को साथ लिया, जिन्होंने तमंचों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की।
एडीजी बरेली जोन ने की थी मॉनिटरिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा खुद मौके पर पहुँचे थे। पुलिस की कई टीमों ने जब मोबाइल सर्विलांस और मुखबिरों की मदद ली, तो तार प्रेमी अरशद से जुड़े। कड़ाई से पूछताछ में बेटी और प्रेमी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया।
पुलिस की बरामदगी
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 1 करोड़ 20 लाख रूपये में से 47,24,000 रुपये, 2 कार (हुण्डई XCENT) 5 मोबाईल फोन (1 iPhone, 4 स्मार्टफोन), 3 अवैध तमन्चा 315 बोर तथा 4 जिन्दा कारतूस 315 बोर, 1 अवैध तमंचा 32 बोर, 02 जिन्दा कारतूस 32 बोर का बरामद किया है ।


