देवास: मध्य प्रदेश के देवास जिले में मंगलवार को एक भयावह हादसा हो गया। एबी रोड स्थित टोंककला में संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। इस विस्फोट में अब तक दो मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों में से 6 की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
धमाका इतना तेज कि जमींदोज हो गई फैक्ट्री
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्री का अधिकांश हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। आसपास के मकानों की दीवारें हिल गईं और घटनास्थल का मंजर रूह कंपा देने वाला था। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके के बाद सड़क पर शरीर के अंग बिखरे नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाने का आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों को पूरी तरह ताक पर रखकर काम किया जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री में बारूद को खुले में रखा गया था।।कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हादसे के समय भी फैक्ट्री में भारी मात्रा में असुरक्षित बारूद मौजूद था।
राजनीतिक संरक्षण और मालिक पर सवाल
ग्रामीणों ने फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि फैक्ट्री को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, जिसके कारण जिम्मेदार विभाग इसकी अनदेखी करते रहे। कलेक्टर ने फिलहाल दो मौतों की पुष्टि की है, लेकिन मलबे की स्थिति को देखते हुए हताहतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


