लोकहितम का 16वां स्थापना दिवस: 17 मई को ‘महारक्तदान’ से मनेगा जश्न, 300 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य

विविध

आगरा। लोकहितम चैरिटेबल ब्लड सेंटर का 16वां स्थापना दिवस समारोह 17 मई को कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित किया जाएगा। स्थापना दिवस पर महारक्तदान शिविर, नि:शुल्क परामर्श, स्वास्थ्य जाँच एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा। गुरुवार को कमला नगर स्थित लोकहितम भवन में स्थापना दिवस समारोह के आमंत्रण पत्र का विमोचन संस्था पदाधिकारियों ने किया।

अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान के समान है। गर्मियों के मौसम में अक्सर रक्त की कमी हो जाती है, ऐसे में स्थापना दिवस पर महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में करीब 20 सहयोगी संस्थाओं और युवाओं की भागीदारी से प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर में 300 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

महासचिव अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि डायलिसिस मरीजों के लिए दूसरा शिविर लोकहितम भवन में नि:शुल्क परामर्श एवं जांच शिविर भी लगाया जाएगा। जिसमे डॉ. रजत मंगल मरीजों को परामर्श देंगे और शिविर में बॉडी कंपोजिशन मॉनिटर (बीसीएम) मशीन के माध्यम से मरीजों की नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति का सटीक सम्पूर्ण आकलन किया जा सकेगा।

संरक्षक राकेश मंगल ने बताया कि शाम सात बजे स्थापना दिवस समारोह में समाजसेवा, रक्तदान और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली 60 संस्थाओं एवं पांच दुर्लभ रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संगठन संजय विनायक जोशी, आशीर्वचन संत लोकेशानंद जी महाराज और विशिष्ट अतिथि डॉ. मुनीश्वर गुप्ता रहेंगे। संस्था का वर्षभर के सेवा कार्य का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया जायेगा।

इस अवसर पर संरक्षक कोषाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, ब्लड बैंक निदेशक संजीव जैन, डायलिसिस सेंटर निदेशक भुवेश अग्रवाल, सुनील गोयल, महेंद्र सिंघल, रोहित अग्रवाल, श्रीराम अग्रवाल, केके अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, अशोक अग्रवाल फरह वाले, शरद मित्तल, अर्पित गोयल, मयंक गोयल आदि उपस्थित रहे।