आगरा: ताजनगरी में आयोजित हाई-प्रोफाइल ‘बिजनेस मीट’ ने भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच व्यापारिक संबंधों के एक नए अध्याय की शुरुआत कर दी है। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, पंचायती राज व पशुपालन राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल और न्यूज़ीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले मुख्य रूप से शामिल हुए।
इस बिजनेस मीट में दोनों देशों के प्रतिनिधियों, प्रमुख उद्योगपतियों और नीति-निर्माताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए भविष्य की औद्योगिक साझेदारी पर विस्तृत रोडमैप तैयार किया।
इस विशेष आयोजन का केंद्र बिंदु भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के नए रास्तों को खोजना रहा। मंत्रियों ने जोर दिया कि दोनों देशों के बीच मजबूत आर्थिक रिश्ते न केवल निवेश बढ़ाएंगे, बल्कि औद्योगिक विकास की ठोस रणनीति को भी गति देंगे।
रोहित कत्याल ने की केंद्रीय मंत्री से खास मुलाकात:
बिजनेस मीट के इतर, कैट (CAIT) व्यापारिक संगठन के जिला अध्यक्ष एवं भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान रोहित कत्याल ने आगरा शहर के विकास से जुड़े अहम विषयों और स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा। चर्चा के दौरान जनसंपर्क, मीडिया की सकारात्मक भूमिका और व्यापारिक हितों की रक्षा जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से बातचीत हुई।
मुलाकात के अंत में रोहित कत्याल ने केंद्रीय मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार जताया। मंत्री पीयूष गोयल ने आगरा के विकास और व्यापारियों के सहयोग को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया। साथ ही, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की योजनाओं पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ।
इस बिजनेस मीट और महत्वपूर्ण मुलाकात ने आगरा के औद्योगिक और व्यापारिक हलकों में एक नई ऊर्जा का संचार किया है।

