सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के संचालन को 6 साल पूरे होने पर मनाई गई छठवीं वर्षगांठ

City/ state Regional

आगरा: मंगलवार को रेलवे के लिए भी बड़ा दिन था। आज देश की सबसे तेज चलने वाली पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के संचालन के छह साल पूरे हो गए हैं। दिल्ली से झांसी के बीच 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली इस ट्रेन में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने के साथ ही यात्रियों में इजाफा हो गया है। अभी तक देश में गतिमान ट्रेन की रफ्तार से अधिक कोई भी ट्रेन नही दौड़ रही है।

मनाई गई वर्षगांठ

निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सेमी हाई स्पीड गतिमान एक्सप्रेस की छठवीं वर्षगांठ मनाई गई। ट्रेन के डिजाइन का केक को काटा गया। इसके बाद सीनियर लोको पायलट पंकज गर्ग और सहायक लोको पायलट राजपाल ने गतिमान एक्सप्रेस की कमान संभाली और आगरा के लिए रवाना हुए। ट्रेन अपने निर्धारित समय पर 90 मिनट में सुबह 9:50 पर आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंच गई।

5 अप्रैल 2016 को शुरू हुआ था संचालन

पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस का संचालन पांच अप्रैल 2016 को हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) से आगरा के बीच शुरू किया गया था। दो साल बाद इसका विस्तार झांसी तक कर दिया गया, लेकिन इसकी रफ्तार में कोई बदलाव नहीं आया। आगरा से झांसी के बीच भी ट्रैक पर गतिमान की रफ्तार को बढ़ाकर 130 से 180 किमी प्रति घंटे तक किया गया। अब यह शुक्रवार को छोड़कर पूरे सप्ताह संचालित हो रही है। ट्रेन के संचालन की शुरुआत से ही इसमें दिल्ली रेलवे के सीनियर लोको पायलट पंकज गर्ग कमान संभालते हैं।