रील बनाने के चक्कर में सलाखों के पीछे पहुँचा युवक: न्यू आगरा में अवैध तमंचे से फायरिंग का वीडियो हुआ था वायरल

Crime

​आगरा: सोशल मीडिया पर ‘रील’ बनाकर रातों-रात मशहूर होने की सनक युवाओं को अपराध की दलदल में धकेल रही है। ताजनगरी के न्यू आगरा क्षेत्र में आबादी के बीच अवैध तमंचे से फायरिंग कर वीडियो बनाना दो युवकों को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए न्यू आगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दिल्ली निवासी साथी की तलाश सरगर्मी से की जा रही है.

​फिल्मी गाने पर डांस और हवाई फायरिंग

​जानकारी के अनुसार, सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ था। इस वीडियो में दो युवक फिल्मी गाने पर डांस कर रहे थे और इसी दौरान उन्होंने अवैध तमंचे से हवा में फायरिंग की। घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह की हरकत से स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई थी। पुलिस ने वीडियो के आधार पर जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान स्थापित की।

​कौशलपुर से हुई गिरफ्तारी, तमंचा बरामद

​पुलिस ने इस मामले में कौशलपुर निवासी दीपक पुत्र महेश को गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से वही अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं, जिनका उपयोग वीडियो बनाने में किया गया था। पूछताछ के दौरान दीपक ने स्वीकार किया कि यह वीडियो कुछ दिन पहले एक निजी कार्यक्रम में ‘टशन’ दिखाने के उद्देश्य से बनाया गया था।

​साथी फरार, पुलिस कर रही तलाश

​दीपक ने पुलिस को बताया कि वीडियो में उसके साथ फायरिंग करने वाला दूसरा युवक दिल्ली का रहने वाला विकास है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन युवकों का एक अन्य साथी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। थाना न्यू आगरा पुलिस ने दीपक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब विकास की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।