लखनऊ: मौत की खामोशी, अपनों को खोने की चीखें और बैकुंठ धाम का भारी माहौल इन सबके बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसने लाखों लोगों के दिल को झकझोर दिया है। यह वीडियो समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और उनके दिवंगत छोटे भाई प्रतीक यादव की मासूम बेटी पद्मजा का है। भाई को खोने के असहनीय दुख के बीच अखिलेश यादव एक ‘ताऊ’ के रूप में अपनी भतीजी का सहारा बनते नजर आए।
मासूम को दुलारते दिखे अखिलेश
प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार के दौरान अखिलेश यादव के बगल में उनकी भतीजी पद्मजा बैठी थी। आसपास के गमगीन माहौल से पूरी तरह बेखबर उस मासूम बच्ची के चेहरे पर मायूसी देख अखिलेश यादव खुद को रोक नहीं सके। भाई के जाने के गम से टूटे होने के बावजूद उन्होंने एक बड़े सदस्य का फर्ज निभाया। वे अपनी भतीजी को दुलारते, उसके सिर पर प्यार से हाथ फेरते और उसे चॉकलेट खिलाकर बहलाने की कोशिश करते दिखे। श्मशान घाट की उस भारी खामोशी के बीच ताऊ-भतीजी का यह भावनात्मक पल अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।
पंचतत्व में विलीन हुए प्रतीक यादव
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का गुरुवार को अंतिम संस्कार हुआ। इस दौरान पूरा यादव कुनबा, रिश्तेदार और हजारों समर्थक नम आँखों से विदाई देने पहुँचे। प्रतीक यादव की चिता को उनके ससुर और वरिष्ठ पत्रकार अरविंद बिष्ट ने मुखाग्नि दी। मुखाग्नि देते समय वह अपने आँसू नहीं रोक पाए और हाथ जोड़कर अपने दामाद को अंतिम विदाई दी।
एकजुट दिखा यादव परिवार
इस दुख की घड़ी में अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव ने एक साथ खड़े होकर प्रतीक यादव को कंधा दिया और चिता पर लकड़ियाँ रखीं। अंतिम विदाई के समय प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव और उनकी दोनों बेटियाँ, प्रथमा और पद्मजा भी वहाँ मौजूद रहीं। श्मशान घाट पर मौजूद हर शख्स की आँखें उस समय नम हो गईं जब परिवार के सदस्यों ने भारी मन से प्रतीक यादव को विदा किया।


