बरेली में आए तेज तूफान में टीनशेड की रस्सी पकड़े हवा में 50 फीट ऊंचाई पर उड़ा शख्स, वीडियो वायरल

Regional

लखनऊ/बरेली: उत्तर प्रदेश में बुधवार को कुदरत ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि देखते ही देखते चारों ओर तबाही का मंजर बिछ गया। प्रदेश के कई हिस्सों में आई भीषण धूल भरी आंधी और मूसलाधार बारिश ने अब तक 96 लोगों की जान ले ली है, जबकि 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सबसे अधिक जानी नुकसान वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर मंडल में दर्ज किया गया है।

हवा में उड़ गया इंसान: बरेली का खौफनाक वीडियो

आंधी की तीव्रता का सबसे दहला देने वाला नजारा बरेली के भमोरा क्षेत्र के बबियाना गांव में देखने को मिला। यहाँ एक बारातघर की टीनशेड को उड़ने से बचाने की कोशिश कर रहे 50 वर्षीय नन्हें अंसारी खुद टीनशेड के साथ हवा में उड़ गए।

तूफान इतना शक्तिशाली था कि नन्हें टीनशेड की रस्सी थामे हुए करीब 50 से 80 फीट की ऊंचाई तक हवा में उछल गए और काफी दूर एक खेत में जा गिरे। इस चमत्कारिक घटना में नन्हें की जान तो बच गई, लेकिन उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होते ही लोगों की रूह कांप गई।

पेड़ गिरने से मासूम की मौत

आंधी का कहर मासूमों पर भी टूटा। भमोरा के हर्रामपुर गांव में 7वीं की छात्रा देवकी सक्सेना की दर्दनाक मौत हो गई। वह आंधी से बचने के लिए एक आम के पेड़ के नीचे खड़ी हुई थी, लेकिन वही पेड़ उसकी मौत का कारण बन गया। पेड़ उखड़कर मासूम के ऊपर गिर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

​जिलों में मौत का आंकड़ा (प्रमुख प्रभाव):

बता दें यूपी के ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे मकान और टीन शेड उड़ गए, वहीं, फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। तेज बारिश और धूल भरी आंधी के कारण सड़कों पर आवाजाही प्रभावित रही। कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। मरने वालों में भदोही में 18, मिर्जापुर में 15, प्रयागराज में 17, प्रतापगढ़ और बरेली में 4-4, फतेहपुर में 10, उन्नाव और बदायूं में 6-6, सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में दो-दो, कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुरखीरी में एक-एक लोग शामिल हैं।

​मुख्यमंत्री कार्यालय और जिला प्रशासन लगातार राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। बिजली के खंभे और हजारों पेड़ गिरने से कई जिलों में ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है और यातायात बुरी तरह प्रभावित है।