लोक सभा सचिवालय द्वारा विशेषाधिकार हनन मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भेजे गए नोटिस को लेकर की जा रही आलोचना पर पलटवार करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि इस बार अनाप-शनाप और बेबुनियाद आरोप लगाने के मामले पर राहुल गांधी पर कार्रवाई जरूर होगी।
संसद भवन परिसर में मीडिया से बात करते हुए प्रल्हाद जोशी ने कहाकि, राहुल गांधी अनाप-शनाप और बेबुनियाद आरोप लगाते हैं और उन आरोपों को सत्यापित (साबित) भी नहीं करते हैं। हम सब देश की जनता के प्रति जवाबदेह हैं। विशेषाधिकार हनन के मामले में कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बार कार्रवाई होगी।
राहुल गांधी ने अभी तक आरोपों को नहीं किया सत्यापित
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोक सभा में 7 फरवरी को बोलते हुए राहुल गांधी ने कई तरह के गंभीर आरोप लगाए थे लेकिन सरकार और भाजपा सांसदों की लगातार मांग के बावजूद उन्होंने उन आरोपों को सत्यापित नहीं किया था।
प्रल्हाद जोशी और निशिकांत दुबे ने दिया राहुल गांधी को नोटिस
इसके बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर विशेषाधिकार हनन का आरोप लगाते हुए नोटिस दिया था। इन दोनों नोटिस पर निर्धारित संसदीय परंपरा और नियमों के अनुसार लोक सभा सचिवालय ने 10 फरवरी को ईमेल के जरिये राहुल गांधी को नोटिस जारी कर 15 फरवरी तक जवाब देने को कहा है।
Compiled: up18 News