लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के आज सफल 12 वर्ष पूर्ण हो गए हैं। इस गौरवशाली उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल को सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण का पर्याय बताया है। सीएम योगी ने कहा कि इन 12 वर्षों ने देश को एक नई दिशा और पहचान दी है।
विकास को बनाया जन-आंदोलन
अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि इन 12 वर्षों में गरीब कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है। उन्होंने कहा, “अंत्योदय का मंत्र आत्मनिर्भरता की शक्ति में बदल गया है और जनभागीदारी ने विकास को एक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया है। यही वह दूरदृष्टि है, जिसने आज के ‘नए भारत’ का निर्माण किया है, जहाँ नारी सशक्तीकरण, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।”
विश्व मंच पर मजबूत हुआ भारत का कद
पीएम मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल पर प्रकाश डालते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज का भारत सीमाओं पर अडिग है और आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक नीति अपना रहा है। उन्होंने कहा, “आज भारत विश्व मंच पर आत्मविश्वास से परिपूर्ण और एक विश्वसनीय शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। डिजिटल इंडिया, डेमोग्राफी और डेमोक्रेसी की त्रिवेणी ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को नई गति प्रदान कर रही है।”
जनकल्याणकारी योजनाओं से बदला जीवन
मुख्यमंत्री ने सरकार की प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं ने विकास को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाया है। इन योजनाओं ने जनता का सरकार के प्रति विश्वास अटूट किया है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र को चरितार्थ कर रहा है।
सीएम योगी ने ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही इस युगांतकारी यात्रा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोटि-कोटि अभिनंदन किया है।

