​’मैडम सर’ के बाद अब ‘सृष्टि’ बनेंगी गुलकी जोशी: सोनी सब के नए शो ‘हुई गुम यादें’ में दिखेगा शांत और ठहराव भरा अंदाज

Entertainment

मुंबई: टेलीविजन की दुनिया में अपनी बेबाकी और दमदार अभिनय के लिए मशहूर अभिनेत्री गुलकी जोशी एक बार फिर छोटे पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। सोनी सब (Sony SAB) के आगामी शो ‘हुई गुम यादें– एक डॉक्टर, दो जिंदगियाँ’ में गुलकी ‘सृष्टि’ के एक बेहद संजीदा और अनुशासित किरदार में नजर आएंगी। यह शो लोकप्रिय इटैलियन सीरीज ‘डीओसी’ (DOC) का भारतीय रूपांतरण है, जो 6 अप्रैल से रात 8 बजे प्रसारित होगा।

​बेबाकी नहीं, अब दिखेगा ‘ठहराव’ का जादू

​गुलकी जोशी को इससे पहले ‘मैडम सर’ जैसे शोज में काफी मुखर और मजबूत किरदारों में देखा गया है, लेकिन ‘सृष्टि’ का किरदार उनके लिए एक नई दुनिया की खोज जैसा है। शो में वह एक अस्पताल की एडमिनिस्ट्रेटर की भूमिका में हैं, जो अपनी भावनाओं को दबाकर अनुशासन और संयम के साथ काम संभालती हैं। वह डॉ. देव मेहता (इकबाल खान) की पूर्व पत्नी भी हैं, जो अपनी 8 साल की यादें खो चुके हैं।

“ज्यादा बोलने के बजाय, शांत रहना था चुनौती”: गुलकी जोशी

अपने नए किरदार के बारे में बात करते हुए गुलकी जोशी ने साझा किया ​”सृष्टि का किरदार निभाना मेरे लिए बिल्कुल अलग अनुभव था। इससे पहले मैंने हमेशा बेबाक और स्ट्रॉन्ग रोल्स किए हैं, लेकिन सृष्टि वह है जो बहुत कुछ सहती है पर व्यक्त बहुत कम करती है। मुझे इस रोल के लिए खुद को रोकना पड़ा और शांत पलों पर भरोसा करना पड़ा। शुरुआत में यह चुनौतीपूर्ण था क्योंकि एक एक्टर के तौर पर हम भावनाओं को खुलकर दिखाने के आदी होते हैं, लेकिन इस ठहराव ने मुझे अभिनय की बारीकियां सीखने में मदद की।”

क्या है शो की कहानी?

​’हुई गुम यादें’ डॉ. देव मेहता (इकबाल खान) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक हादसे में अपनी याददाश्त खो देते हैं। यादों के खो जाने और फिर से पहचान बनाने के इस सफर में उनके आसपास के लोग, विशेषकर उनकी पूर्व पत्नी सृष्टि, उन पुरानी भावनाओं का सामना करते हैं जिन्हें उन्होंने सालों से दबा रखा था।