आगरा: सूर सदन में साहित्य, संगीत और रंगकर्म की त्रिवेणी ने किया भाव-विभोर, भावना वरदान की पुस्तक लोकार्पित

Press Release

आगरा। कला, साहित्य और संस्कृति को समर्पित संस्था ताज लिटरेचर क्लब के पाँच स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने पर रविवार शाम सूर सदन में एक दिवसीय ब्रज लिटरेचर फेस्टिवल आयोजित किया गया। समारोह में साहित्य संगीत और रंगकर्म की त्रिवेणी ने साहित्य और कला रसिकों को भावविभोर कर दिया।

समारोह के अध्यक्ष व अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गीतकार प्रोफेसर सोम ठाकुर और रामेंद्र मोहन त्रिपाठी ने संयुक्त रुप से माँ शारदे के समक्ष दीप जलाकर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। बाद में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

भावना वरदान की पुस्तक लोकार्पित

ताज लिटरेचर क्लब की संस्थापिका भावना वरदान शर्मा की आगरा पर आधारित पुस्तक “आगरा मुगल नहीं, ब्रजभूमि है” का लोकार्पण मंच पर मौजूद महानुभावों द्वारा किया गया। भावना वरदान शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि ताज नगरी और ब्रज क्षेत्र की विभिन्न साहित्यिक-सांस्कृतिक विधाओं और कलाकारों को क्लब द्वारा इसी तरह प्रोत्साहित और संरक्षित किया जाता रहेगा।

महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

महोत्सव के अंतर्गत वरिष्ठ साहित्यकार एवं रंगकर्मी पम्मी सडाना द्वारा लिखित एवं निर्देशित नाटक ‘मुझे जी लेने दो’ का भावपूर्ण मंचन किया गया। वर्तमान समय में स्त्री-मनोभावों के मार्मिक चित्रण ने सबका मर्म छूते हुए महिला सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश दिया। पम्मी सडाना, मिनी सडाना, रानी रल्हन, मीनू ढींगरा, पूजा कालरा, दीपा बरेजा, बिंदिया ढींगरा, पायल दुल्हानी और संध्या रावत ने विभिन्न किरदारों की अदायगी से सबका दिल जीत लिया।

इन्हें किया सम्मानित

महोत्सव के दौरान आगरा और पूरे ब्रज क्षेत्र के साहित्य प्रेमियों की मौजूदगी में ब्रज भाषा और हिंदी के क्षेत्र में योगदान देने वाले अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गीतकार प्रोफेसर सोम ठाकुर, पूर्व विधायक चौधरी बदन सिंह, रामेंद्र मोहन त्रिपाठी, डॉ. शशि तिवारी, पम्मी सडाना, आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पेंसिया और मथुरा के ब्रज भाषा के कवि डॉ. राम प्रकाश चतुर्वेदी सहित ब्रज क्षेत्र की सात साहित्यिक विभूतियों को सम्मानित किया गया।

रस धारा ने किया मंत्रमुग्ध

क्लब कराओके के कलाकारों ने शुरू में शारदे वंदना और बाद में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समा बाँध दिया। वहीं महोत्सव के अंतिम सत्र में ब्रज क्षेत्र के वरिष्ठ और प्रसिद्ध कवियों ने काव्य की रसधारा बहाकर सबको वाह-वाह करने पर मजबूर कर दिया।

ताज लिटरेचर क्लब के संरक्षक व जाने माने उद्यमी पूरन डाबर, महेश चंद शर्मा, इंजीनियर राजकुमार शर्मा, सचिव सुरेश शर्मा, ब्रजेश अग्रवाल, गौरव शर्मा और पारस शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। संस्थापिका भावना वरदान शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन डॉ. योगिता ने किया।