आगरा के बटेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक को लेकर संघर्ष: कांवड़ियों और मंदिर कमेटी के बीच मारपीट, कांवड़ खंडित करने का आरोप

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध तीर्थ धाम बटेश्वरनाथ मंदिर में सावन मास के दौरान जलाभिषेक को लेकर रविवार देर रात एक गंभीर विवाद खड़ा हो गया। मंदिर में प्रवेश करने और भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने की व्यवस्था को लेकर कांवड़ियों और मंदिर कमेटी से जुड़े लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष और मारपीट में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और डंडे चले।

कांवड़ियों ने मंदिर पक्ष पर लाठी, डंडे और लोहे की सरियों से हमला करने तथा उनकी पवित्र कांवड़ें खंडित करने का बेहद गंभीर आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर, मंदिर कमेटी का पक्ष है कि ये कांवड़िए तय व्यवस्था और नियमों को तोड़कर जबरन मंदिर के अंदर घुस रहे थे, और रोके जाने पर उन्होंने ही मारपीट शुरू कर दी।

​जलाभिषेक को लेकर उपजा विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़िए रविवार की रात बटेश्वर धाम पहुंचे थे। मुख्य मंदिर में जलाभिषेक को लेकर उनकी मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ किसी बात पर बहस हो गई।

घायल कांवड़िए रमेश चंद ने मीडिया को बताया कि विवाद केवल जलाभिषेक को लेकर था। उनका आरोप है कि कमेटी के सदस्य उन्हें जल नहीं चढ़ाने दे रहे थे, और जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो उन पर लाठी, डंडों और सरियों से अचानक हमला बोल दिया गया।

एक अन्य पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया गया तथा उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।

इस हिंसक झड़प के दौरान पिढौरा निवासी जितेंद्र, रमेश चंद्र, चंद्रभान, मानसिंह, विजय, शिवकांत, आकाश और कुलदीप के घायल होने की सूचना मिली है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया।

​कांवड़ खंडित करने और छीनने के आरोप

पीड़ित कांवड़ियों का यह भी मुख्य आरोप है कि इस मारपीट के दौरान उनकी पवित्र कांवड़ को भी खंडित कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने खंडित कांवड़ को अपने कब्जे में लेकर थाने सुरक्षित रखवा दिया है। कांवड़ियों का कहना था कि वे बहुत कठिन यात्रा कर हरिद्वार से गंगाजल लेकर बटेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने आए थे, लेकिन उनके साथ इस तरह का अवांछित व्यवहार किया गया।

चार युवक हिरासत में, पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी बल के साथ मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। पुलिस की कड़ी मौजूदगी में मामला शांत कराया गया। पुलिस ने इस मामले में व्यवस्था भंग करने और मारपीट करने के आरोप में चार युवकों को हिरासत में लिया है।

घायल कांवड़िए रमेश चंद ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि वे सुबह से थाने पर बैठे हैं और थाना प्रभारी का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें दो घंटे के भीतर थाना प्रभारी के आने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन शाम तक वे नहीं पहुंचे।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर- नीरज परिहार