आगरा में चौपाटी पर दर्दनाक हादसाः जिप लाइनिंग झूले का कुंडा टूटने से 15 साल का किशोर नीचे आ गिरा, मौके पर ही मौत

स्थानीय समाचार

आगरा: शहर की ‘आगरा चौपाटी’ पर मस्ती और रोमांच का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित इस परिसर में जिप लाइनिंग (Zip Lining) का आनंद ले रहे 15 वर्षीय किशोर कुणाल अग्रवाल की ऊंचाई से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा न केवल मृतक के परिवार के लिए गहरा सदमा है, बल्कि मनोरंजन केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

​हादसे का मंजर: आंखों के सामने टूट गई सांसें

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के गांधी नगर निवासी पंकज अग्रवाल का पुत्र कुणाल अपने परिजनों के साथ चौपाटी घूमने आया था। यहां एडवेंचर राइड के दौरान जैसे ही वह जिप लाइनिंग झूले पर सवार हुआ, अचानक उसका कुंडा (हैंडल/अटैचमेंट) टूट गया। देखते ही देखते कुणाल हवा में झूलने के बजाय सीधे जमीन पर आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण किशोर की स्थिति बेहद नाजुक हो गई और घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। कुणाल को जमीन पर बेसुध पड़ा देख मौके पर मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों की रूह कांप गई।

परिजनों के बिलखते चेहरे और उमड़ा आक्रोश

सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। अपने बेटे का शव देखकर पिता और अन्य सगे-संबंधियों का क्रंदन वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखों को नम कर गया। माहौल में गहरा गम छाया हुआ है, वहीं परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने संचालन करने वाली कंपनी पर सुरक्षा मानकों के साथ खिलवाड़ करने और घोर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है।

​सुरक्षा मानकों पर खड़ा हुआ सवालिया निशान

इस हृदयविदारक घटना ने मनोरंजन के साधनों की सुरक्षा ऑडिट पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या समय-समय पर इन एडवेंचर राइड्स की तकनीकी जांच होती थी? क्या कंपनी ने सुरक्षा उपकरणों की मजबूती को गंभीरता से लिया था?

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना पाकर एसीपी (ताज सुरक्षा) और ताजगंज थाना पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कंपनी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस इस बिंदु पर छानबीन कर रही है कि यह तकनीकी खराबी थी या संचालन में मानवीय भूल। बहरहाल, इस हादसे ने एक हंसते-खेलते किशोर की जान तो ली ही, साथ ही चौपाटी जैसी जगहों पर जाने वाले पर्यटकों के मन में भी सुरक्षा को लेकर डर पैदा कर दिया है।