पिनाहट (आगरा): गंगा दशहरा का पावन पर्व, जहां बटेश्वर धाम में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ा था, वहीं एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। यमुना नदी में स्नान के दौरान आगरा निवासी एक युवक गहरे पानी की चपेट में आने से लापता हो गया। इस घटना से घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।
स्नान के दौरान गहरे पानी में बहा युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा के ग्वालियर रोड स्थित श्याम लाल की बगिया का निवासी साहिल (पुत्र हेत सिंह) अपने मित्र दीपक के साथ गंगा दशहरा के अवसर पर बटेश्वर धाम पहुँचा था। दोनों युवक आगरा-इटावा पैसेंजर ट्रेन से बटेश्वर रेलवे हाल्ट पर उतरे थे ताकि महादेव के दर्शन और यमुना में पवित्र स्नान कर सकें। स्नान करते समय साहिल अचानक गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और तेज बहाव के बीच गहरे पानी में चला गया। मित्र दीपक की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक साहिल तेज धार में ओझल हो चुका था।
प्रशासनिक दावों की खुली पोल
हादसे की सूचना पाकर बाह पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घंटों की मशक्कत के बावजूद समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना ने एक बार फिर बटेश्वर घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हजारों की भीड़ जुटने के बावजूद नदी के किनारे पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिससे यह अनहोनी घटित हुई।
घाट पर पसरा मातम, तलाश जारी
बटेश्वर घाट पर पहले भी डूबने की कई दुखद घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के स्थायी प्रबंध न होना स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा करता है। गंगा दशहरा पर जहां प्रशासन ने सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे किए थे, वहीं इस हादसे ने उन दावों की पोल खोलकर रख दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगातार अभियान चला रही है। साथ ही उसके परिजनों को घटना की सूचना देने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, पूरा बटेश्वर धाम इस घटना से गहरे सदमे में है।
रिपोर्टर- नीरज परिहार


