निकाय चुनाव: आगरा में कुल 40.38 प्रतिशत मतदान, नगर निगम में सबसे कम 37.07 और जगनेर में सर्वाधिक 79.16 प्रतिशत वोट पड़े

स्थानीय समाचार

जिले में गुरुवार को नगर निगम के अलावा पांच नगर पालिका और सात नगर पंचायत में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। कुल 40.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नगर निगम के लिए सबसे कम 37.07 प्रतिशत और सर्वाधिक 79.16 प्रतिशत मतदान नगर पंचायत जगनेर में दर्ज किया गया।

निर्वाचन कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले में कुल 16,66351 मतदाताओं में से 6,72,913 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर निगम के 14,67794 मतदाताओं में से 5, 44111 ने वोट डाले। पांच नगर पालिकाओं के लिए औसतन 64.54 प्रतिशत और सात नगर पंचायतों के लिए औसतन 65.28 प्रतिशत वोटिंग हुई।

दिन भर चले मतदान के दौरान मतदान स्थलों पर अजब-गजब तस्वीरें देखने को भी मिलीं। कहीं बुजुर्ग व्हीलचेयर और चारपाई के सहारे वोट देने के लिए बूथ पर पहुंचे, तो ट्रांस यमुना कॉलोनी के दो बूथों पर अलग ही नजारा था। शादी के बाद विदा होकर आई नवविवाहिता ढोल-नगाड़ों के साथ मतदान करने पहुंची। नवविवाहिता प्रियंका ने बताया कि उसकी शादी 22 अप्रैल को हुई थी और उसका वोट यहां पर है। ऐसे में उसके ससुराल वालों ने उसे वोट डालने की इजाजत दी और आज ही उसकी विदा होनी है। जिसकी वजह से वह अपने मताधिकार का प्रयोग करने आई है। प्रियंका के साथ उसके पति संभव और साथ में ढोल नगाड़े बजाते हुए दो लोग मतदान स्थल तक पहुंचे।

ट्रांस यमुना की बूथ संख्या 645 पर करीब 108 साल की कांति देवी चारपाई पर लेट कर अपने मताधिकार का प्रयोग करने आईं। घर में किसी भी परिजन के मौजूद न होने की स्थिति में आस-पड़ोस के दो युवक कांति देवी को चारपाई पर लिटा कर मतदान केंद्र तक पहुंचे। जहां उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।