44वें शतरंज ओलंपियाड के लिए आगरा पहुंची मशाल रिले, डीएम और महापौर ने किया भव्य स्वागत

Regional

आगरा: अखिल भारतीय शतरंज महासंघ की ओर से 28 जुलाई से 10 अगस्त 2022 तक चेन्नई के महाबलीपुरम में 44वें एफआईडीई विश्व शतरंज ओलंपियाड का आयोजन किया जा रहा है। शतरंज की दुनिया में यह सबसे बड़ा खेल आयोजन है। शतरंज के इस खेल आयोजन को पूरे देश में फैलाने के साथ-साथ ओलंपियाड को बढ़ावा देने के लिए अखिल भारतीय शतरंज संघ के साथ-साथ भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण ने 19 जून 2022 को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम नई दिल्ली में ओलंपियाड मशाल रैली का आयोजन किया था। इस आयोजन में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा झंडी दिखाकर मशाल को रवाना किया गया।

मेहताब बाग में हुआ भव्य आयोजन

नई दिल्ली से शुरू हुई यह मशाल रैली आज रविवार को आगरा पहुंची जहां ताज महल के पार्श्व में मेहताब बाग में शतरंज महासंघ द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में महापौर नवीन जैन मौजूद रहे। ताजमहल के साए में महापौर नवीन जैन, आगरा जिला अधिकारी पीएन सिंह और शतरंज संघ यूपी के अध्यक्ष संजय कपूर ने संयुक्त रुप से मशाल को अपने हाथ में लेकर आगरा की शतरंज खिलाड़ियों को चेन्नई में होने वाले विश्व शतरंज ओलंपियाड के लिए संदेश देने का काम किया।

शतरंज को अपनाएं

इस मौके पर आल इडिया चेस फेडरेशन के अध्यक्ष संजय कपूर ने कहा कि शतरंज की शुरुआत भारत में ही हुई थी लेकिन किन्हीं कारणों से ये बाहर अन्य देशों में चला गया. अब इसकी घर वापसी हुई है. इससे देश में शतरंज खेल के प्रति लोगों में जागरूकता भी आएगी. वहीं इंटरनेशनल ग्रांड मास्टर वंतिका अग्रवाल ने कहा कि शतरंज हमारे देश का ही खेल है. यह मौका बड़ी मुश्किल से फिर हमें मिला है और हमें इसे हाथ से नहीं जाने देना है. युवाओं और बच्चों के बीच इसे लेकर जाएं ओर इसे खेलने के प्रति जागरूक करें.

हजारों किमी की यात्रा तय करेगी मशाल

इस अवसर पर महापौर नवीन जैन ने शतरंज के खेल को पूरे देश में बढ़ावा देने के लिए आयोजन समिति का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह बड़े सौभाग्य की बात है कि 19 जून को पीएम मोदी ने इतने बड़े खेल आयोजन से जुड़े मशाल रिले को झंडी दिखाकर रवाना किया था। उसी के पड़ाव में आज यहां आगरा में इस मशाल का हम सभी ने स्वागत किया है। यह मशाल हजारों किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए चेन्नई पहुंचेगी।

187 देश भाग ले रहे हैं

अखिल भारतीय शतरंज संघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष संजय कपूर ने बताया कि इस साल होने वाले 44वें शतरंज ओलंपियाड में कुल 187 देश भाग ले रहे हैं। दुनिया भर से लगभग 2200 खिलाड़ी इस आयोजन में आएंगे। यह सबसे बड़ा खेल आयोजन है क्योंकि अभी तक इतने सारे काउंटी कभी एक साथ नहीं आए हैं।