​आगरा सीमेंट होलसेलर एसोसिएशन का तीसरा स्थापना दिवस: कुबेरपुर रेलवे स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने और यमुना ब्रिज पर रैक शुरू करने की उठी मांग

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा सीमेंट होलसेलर एसोसिएशन के तीसरे स्थापना दिवस समारोह एवं उद्योग संबंधी समस्याओं के निवारण पर गोष्ठी का आयोजन शनिवार को पंचकुइया स्थित माथुर वैश्य भवन में किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, पर्यावरण अभियंता अशोक कुमार , संरक्षक मनीष अग्रवाल, शलभ शर्मा, नेशनल चैंबर अध्यक्ष मनोज बंसल, उपाध्यक्ष नीतेश अग्रवाल, अंबा प्रसाद कोषाअध्यक्ष विनय मित्तल ने दीप प्रज्वलित कर किया। गोष्ठी में सीमेंट व्यापारियों ने रेलवे रैक से लेकर ट्रांसपोर्टेशन और जीएसटी संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि आगरा शहर में सीमेंट की रैक अब तक यमुना ब्रिज रेलवे स्टेशन पर आती थी। यह स्टेशन शहर के व्यापारियों के लिए नजदीक और सुविधाजनक था, लेकिन पिछले कुछ समय से रेलवे विभाग ने यहां सीमेंट की रैक आना बंद कर दिया है। विभाग की ओर से कीठम रेलवे स्टेशन का प्रयोग करने की बात कही जा रही है, जो शहर से काफी दूर है और वहां आवागमन की पर्याप्त कनेक्टिविटी भी नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि रेलवे को यमुना ब्रिज स्टेशन पर सीमेंट की रैक बंद ही रखनी है तो कुबेरपुर रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार किया जाए। यह व्यापारियों के लिए अपेक्षाकृत सुविधाजनक रहेगा। साथ ही यमुना ब्रिज स्टेशन को नमक, चीनी एवं अन्य खाद्य सामग्री की रैक के लिए खोला जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियां सुचारु रूप से चलती रहें।

मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि एसोसिएशन का गठन तीन वर्ष पूर्व व्यापारियों को एकजुट कर उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से किया गया था। संगठन का मूल उद्देश्य आपसी सहयोग और व्यापारिक हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि सीमेंट उद्योग आगरा के पुराने उद्योगों में शामिल है और आपसी सहयोग से ही उद्योग एवं व्यापार आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टेशन, जीएसटी सर्वे अथवा अन्य व्यापारिक समस्याओं के समाधान के लिए एसोसिएशन अपने सदस्यों के साथ मजबूती से खड़ा रहता है।

गोष्ठी में व्यापारियों की समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने उनके समाधान के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा और समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
गोष्ठी के बाद ब्रज लोककला पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह में रंग भर दिया। कार्यक्रम में माथुर वैश्य महासभा अध्यक्ष मुकेश गुप्ता का सम्मान किया गया।

इसके बाद आयोजित स्नेह मिलन में सभी ने दाल-बाटी का आनंद लिया। स्थापना दिवस समारोह में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आपसी सहयोग एवं संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सचिव दिलीप अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय, नितिन अग्रवाल, ऑडिटर मुकेश गुप्ता, उपमंत्री संजय गुप्ता, एसएन अग्रवाल, विजित गुप्ता, अमन गुप्ता, मुरारी लाल गोयल, पारस चंद जैन, रवि प्रकाश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।