आगरा। राधा अष्टमी के पावन अवसर पर सर्व सहाय सेवा समिति की ओर से बल्केश्वर स्थित गौशाला में गौ सेवा, 56 भोग, सुंदरकांड पाठ एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। भक्तिभाव से हुए आयोजन में श्रद्धालुओं ने गौ माता की सेवा कर धर्मलाभ लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गौ माता को संस्था की ओर से 56 भोग अर्पित कर किया गया। इसके बाद रामनिवास गुप्ता ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सुंदरकांड केवल धार्मिक पाठ नहीं, बल्कि भक्ति, साहस, सेवा और समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी का चरित्र हमें सिखाता है कि प्रभु के प्रति अटूट विश्वास और निस्वार्थ सेवा से कठिन से कठिन कार्य भी सरल हो जाता है।
रामनिवास गुप्ता ने सुंदरकांड की चौपाइयों का भावपूर्ण वाचन करते हुए हनुमान जी के पराक्रम, विनम्रता और प्रभु श्रीराम के प्रति उनकी अनन्य भक्ति की विस्तृत व्याख्या की। उन्होंने कहा कि हनुमान जी ने अपनी शक्ति का उपयोग सदैव लोककल्याण और प्रभु सेवा के लिए किया। सुंदरकांड के प्रसंगों से हमें विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज की सेवा करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गौ सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और धार्मिक संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
संगीत की धुनों के बीच सुंदरकांड की चौपाइयों और उनके भावार्थ ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर होकर जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारे लगाते रहे।
सुंदरकांड पाठ के उपरांत प्रसादी वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन का समापन किया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष दिलीप कुमार अग्रवाल, महामंत्री आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुनील गर्ग, विनीत अग्रवाल, नवीन गुप्ता, सचिन अग्रवाल, आदर्श मैनी, दुर्गेश गर्ग, मोहित अग्रवाल, श्याम मोहन गुप्ता, लक्की सिंघल, श्याम कुमार सिंघल आदि उपस्थित रहे।
