आगरा के मुबारक महल दवा बाजार में औषधि विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, अधिकारियों की टीम देख दुकानदारों में मची अफरा-तफरी

स्थानीय समाचार

आगरा। ताजनगरी के फुव्वारा स्थित मुबारक महल दवा बाजार में गुरुवार को औषधि विभाग की एक बड़ी और आकस्मिक छापेमारी ने दवा कारोबारियों में खलबली मचा दी। लखनऊ से आए वरिष्ठ अधिकारी रोशन जैकब के नेतृत्व में पहुंची दो दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीमों ने जब अचानक बाजार में कदम रखा, तो हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से खिसक लिए।

​14 ठिकानों पर एक साथ जांच

सूत्रों के अनुसार, औषधि विभाग की यह टीम करीब 14 संदिग्ध दवा कारोबारियों की सूची लेकर आगरा पहुंची थी। टीमों ने युग फार्मा, श्री गणेश एंटरप्राइजेज, जीत एंटरप्राइजेज, वीना एंटरप्राइजेज, नंदन फार्मा और पोरवाल समेत कई बड़े प्रतिष्ठानों को अपनी कार्रवाई के दायरे में लिया। एक साथ कई दुकानों पर टीम के पहुंचते ही बाजार में दहशत का माहौल बन गया। जो दुकानें खुली थीं, वहां अधिकारियों ने दवा के स्टॉक, खरीद-बिक्री के बिल, लाइसेंस और स्टोर प्रबंधन से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल शुरू कर दी।

नियमों की बारीकी से पड़ताल

यह जांच मुख्य रूप से इस बात पर केंद्रित है कि कहीं नियमों के विपरीत दवाओं का अवैध कारोबार तो नहीं हो रहा? टीम खरीद-बिक्री से जुड़े हर छोटे-बड़े रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दवा वितरण प्रणाली में मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।

​अभी जांच जारी, अधिकारी साधे हुए हैं चुप्पी

कार्रवाई की भनक लगते ही पूरे दवा बाजार में व्यापारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर खड़े होकर टीम की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे। हालांकि, औषधि विभाग के अधिकारियों ने अभी जांच के कारणों या मिली अनियमितताओं के बारे में आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं किया है।

अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल बाजार में जांच का सिलसिला लगातार जारी है।