आगरा का राज चौहान हत्याकांड: पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘वांटेड’ आरोपी विशाल जाटव, पूछताछ में खुल सकते हैं हत्या के बड़े राज

Crime

आगरा। शहर को दहला देने वाले चर्चित ‘राज चौहान हत्याकांड’ मामले में ट्रांस यमुना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस बहुचर्चित वारदात के मुख्य वांछित आरोपी विशाल जाटव उर्फ विशाल सागर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

नूरानी मस्जिद के पास बिछाया जाल

पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि राज चौहान हत्याकांड का नामजद आरोपी विशाल जाटव शाहनगर बंबा इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और नूरानी मस्जिद के पास इलाके की घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

​चार संगीन मामलों में था वांछित

आरोपी विशाल जाटव के खिलाफ आगरा के अलग-अलग थानों में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में चार मुकदमे दर्ज हैं। राज चौहान हत्याकांड, जो कि एसएन स्टे गेस्ट हाउस में अंजाम दिया गया था, के बाद से ही विशाल पुलिस की ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में था। इस हत्याकांड ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया था, जिसके चलते आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर भारी दबाव था।

पूछताछ से खुलेंगे वारदात के राज

गिरफ्तारी के बाद पुलिस की टीम विशाल से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य ध्यान इस बात पर है कि हत्या की असली वजह क्या थी और इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने में उसके साथ और कौन-कौन से साथी शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि विशाल से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिलेंगे, जिससे न केवल इस हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा होगा, बल्कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक प्रक्रिया अपनाते हुए उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।