फतेहपुर सीकरी में कैंसर पीड़ित परिवार से धोखाधड़ी: आरोपी ने लिए 5 लाख से ज्यादा रुपये, तकादा करने पर की मारपीट, पुलिस ने दर्ज की FIR

Crime

आगरा। फतेहपुर सीकरी के चूड़ी बाजार निवासी एक कैंसर पीड़ित परिवार के साथ भरोसे का खून करने का मामला सामने आया है। इलाज के नाम पर करीब 5 लाख 49 हजार रुपये उधार लेकर हड़पने और तकादा करने पर दंपत्ति के साथ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला पुलिस कमिश्नर तक पहुँचा है। पुलिस आयुक्त के सख्त निर्देशों के बाद थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​क्या है पूरा मामला?

पीड़िता गीता देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति धर्मपाल सिंह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। इसी दौरान मलिकपुर निवासी वकील सिंह पुत्र सुखवीर सिंह ने पुरानी जान-पहचान और विश्वास का फायदा उठाया। आरोप है कि 26 सितंबर 2025 को वकील सिंह ने इलाज के लिए 5 लाख रुपये उधार मांगे, जिसे धर्मपाल ने बैंक से आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से ट्रांसफर कर दिया। बाद में 20 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने इलाज में और खर्च होने का बहाना बनाकर 50 हजार रुपये और मांगे, जिसमें से 49 हजार रुपये का चेक भी दिया गया।

रुपये मांगने पर मिली मारपीट और धमकी

तय समय बीत जाने के बाद जब दंपत्ति ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने टाल-मटोल करना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब 14 मई 2026 को गीता देवी अपने बीमार पति के साथ आरोपी के गांव मलिकपुर पैसे मांगने पहुंचीं। पीड़िता का आरोप है कि वहां वकील सिंह और उसके परिजनों ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए गांव से खदेड़ दिया।

पुलिस आयुक्त के दखल के बाद FIR

पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने थाना फतेहपुर सीकरी में शिकायत की, तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में हीलाहवाली की। आखिरकार उन्होंने पुलिस कमिश्नर आगरा की शरण ली। कमिश्नर के कड़े निर्देश के बाद थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अब कैंसर पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद है।