आगरा। उत्तर प्रदेश की एसटीएफ (STF) आगरा यूनिट ने अपराध की दुनिया में सक्रिय एक बड़े गिरोह के शातिर सदस्य को धर दबोचा है। लंबे समय से वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुरेन्द्र को थाना सदर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी कुख्यात ‘सांसी गैंग’ का सक्रिय सदस्य है, जो ट्रेन यात्रियों को अपना निशाना बनाने के लिए कुख्यात था।
फर्जी दस्तावेजों का दिया था सहारा
एसटीएफ के अनुसार, सुरेन्द्र कानपुर जीआरपी (GRP) में दर्ज कई संगीन मामलों में लंबे समय से वांछित था। उसने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले फर्जी दस्तावेजों के आधार पर न्यायालय से जमानत हासिल की और जमानत मिलते ही फरार हो गया। तभी से पुलिस और एसटीएफ की टीमें उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थीं। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर एसटीएफ ने थाना सदर क्षेत्र के सीओडी (COD) ग्राउंड के पास घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
ट्रेन यात्रियों की नींद उड़ा रखा था गैंग
पूछताछ में सामने आया है कि सुरेन्द्र का ‘सांसी गैंग’ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली जैसे राज्यों में फैला हुआ था। गैंग का मुख्य काम ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को लूटना था। ये लोग चलती ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल, बैग, नकदी और अन्य कीमती सामान पार करने के साथ-साथ विरोध करने पर लूटपाट और मारपीट जैसी वारदातों को भी अंजाम देते थे। गैंग के सदस्यों के अलग-अलग राज्यों में सक्रिय होने के कारण उन्हें पकड़ना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था।
पूछताछ में खुलेंगे कई राज
एसटीएफ की टीम अब सुरेन्द्र से सघन पूछताछ कर रही है। एसटीएफ का मानना है कि इस पूछताछ से न केवल गैंग के अन्य सदस्यों की जानकारी मिलेगी, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और हालिया वारदातों के बारे में भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेजा जा रहा है।


