आगरा। आगरा की औद्योगिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने और उसे ‘आत्मनिर्भर’ बनाने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती अपने 33वें स्थापना दिवस को एक भव्य समारोह के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है। खंदारी बायपास स्थित होटल सागर रत्ना में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में उद्योग जगत के दिग्गजों ने आगरा के भविष्य और औद्योगिक चुनौतियों पर गहन मंथन किया।
24 मई को होगा भव्य आयोजन
जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने बताया कि मुख्य समारोह 24 मई को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का विषय “समर्थ और आत्मनिर्भर आगरा: विरासत से विकास तक” रखा गया है।
समारोह में प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इसके अलावा, यूपी लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू और प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह जैसे वरिष्ठ पदाधिकारी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
कनेक्टिविटी और विकास पर जोर
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा कि आगरा की भौगोलिक स्थिति, एक्सप्रेसवे और आधुनिक एयरपोर्ट इसे औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने के लिए आदर्श स्थान बनाते हैं। उन्होंने जोर दिया कि उद्योगों को मजबूत करने से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी और अधिक गति पकड़ेगी।
500 से अधिक उद्यमियों का होगा महासंगम
प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी और महासचिव राजीव बंसल ने बताया कि इस कार्यक्रम में राज्य भर के 500 से 600 प्रबुद्ध उद्यमी शामिल होंगे। समारोह का उद्देश्य न केवल उद्योगों का विस्तार करना है, बल्कि एमएसएमई (MSME) स्टार्टअप्स, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और ग्राम शिल्प जैसे क्षेत्रों को एक मंच प्रदान करना है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा मंच
कार्यक्रम संयोजक सीए नितेश गुप्ता के अनुसार, स्थापना दिवस समारोह में आगरा की औद्योगिक पहचान को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी स्टॉल्स लगाई जाएंगी। यह मंच स्थानीय उद्यमियों को अपनी बात रखने और एक सशक्त सामूहिक आवाज बनने का मौका देगा। इस विमोचन अवसर पर सीए आलोक अग्रवाल, दिनेश गुप्ता, अर्जुन गुप्ता सहित संगठन के अन्य प्रमुख सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे।


