सच अपने आप निकलता है…जब ओम प्रकाश राजभर ने कर दी PDA सरकार की भविष्यवाणी, वायरल हुआ वीडियो

Politics

लखनऊ: ​उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानों के बाजीगर माने जाने वाले कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अपनी एक ‘फिसलती जुबान’ के कारण चर्चाओं के केंद्र में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर राजभर का एक वीडियो बिजली की तेजी से दौड़ रहा है, जिसमें वे जोश-खरोश के साथ 2027 में ‘पीडीए’ (PDA) की सरकार बनने का ऐलान करते दिख रहे हैं। विपक्षी खेमे के लिए यह किसी ‘गोल्डन चांस’ से कम नहीं था, जिसे लपकते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है।

पूरा मामला एक प्रेस वार्ता का है, जहां पत्रकारों ने राजभर से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल दागा था। सवाल के जवाब में राजभर आत्मविश्वास से लबरेज होकर बोल पड़े, “100 परसेंट पीडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है।” इतना ही नहीं, उन्होंने तो यहाँ तक कह दिया कि ‘राजा’ के लक्षण परिलक्षित हो रहे हैं और पीडीए ही आ रहा है। राजभर की इस भविष्यवाणी को सुनकर उनके बगल में बैठे नेताजी सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत कोहनी मारकर राजभर को टोका, जिसके बाद मंत्री जी को अपनी ‘भूल’ का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत सुधार करते हुए एनडीए (NDA) का नाम लिया।

राजभर की इस चूक पर अखिलेश यादव ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर तंज कसते हुए लिखा कि “सच अपने आप निकलता है और झूठ सोचकर बोला जाता है।” सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए आगे कहा कि मन से तो राजभर भी यही चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में पीडीए की ही सरकार बने, लेकिन अपने व्यक्तिगत लालच और सत्ता के मोह की वजह से वे खुलकर बोल नहीं पा रहे हैं।

​अखिलेश ने वीडियो शेयर करते हुए तंजिया लहजे में कहा कि कोहनी मारकर सच को दबाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। राजभर के इस वीडियो ने उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। विपक्षी इसे अंतरात्मा की आवाज बता रहे हैं, तो वहीं राजभर समर्थकों के लिए यह महज एक मानवीय त्रुटि यानी ‘जुबान फिसलना’ मात्र है। बहरहाल, 2027 की जंग से पहले शब्दों की यह जंग और भी दिलचस्प होती जा रही है।