10 साल बाद फिर लौटेंगे रैंचो और राजू; राजकुमार हिरानी ने तैयार किया ‘3 इडियट्स’ का नया चैप्टर

Entertainment

मुंबई (अनिल बेदाग): भारतीय फिल्म जगत में जब भी सार्थक सिनेमा, सामाजिक सरोकार और शुद्ध मनोरंजन के त्रिवेणी संगम की चर्चा होती है, तो निर्देशक राजकुमार हिरानी का नाम सबसे ऊपर चमकता है। हिरानी महज़ एक निर्देशक नहीं, बल्कि भावनाओं के वह जादूगर हैं जो अपनी कहानियों से दर्शकों की सोच बदलने का माद्दा रखते हैं। उनकी हर फिल्म बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ लोगों के जहन में भी मील का पत्थर साबित हुई है।

​’मुन्ना भाई एमबीबीएस’ की जादू की झप्पी हो, ‘पीके’ का मासूम सवाल हो या ‘3 इडियट्स’ का ‘ऑल इज वेल’, हिरानी ने हमेशा यह साबित किया है कि बिना शोर-शराबे के भी सिनेमाई अनुभव को अमर बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि उनका करियर ट्रैक रिकॉर्ड शत-प्रतिशत सफलता की गारंटी रहा है। अब एक दशक से भी ज्यादा लंबे इंतजार के बाद, भारतीय सिनेमा के इस मास्टर स्टोरीटेलर ने फिर से अपनी सबसे प्रतिष्ठित फिल्म ‘3 इडियट्स’ के अगले अध्याय की तैयारी शुरू कर दी है।

इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट पर खुद सुपरस्टार आमिर खान ने अपनी मुहर लगा दी है, जिससे सिनेमाप्रेमियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। यह महज एक सीक्वल भर नहीं है, बल्कि उस विरासत का पुनर्जन्म है जिसने देश के शिक्षा तंत्र और सफलता की परिभाषा को चुनौती दी थी। आमिर खान के अनुसार, इस बार की कहानी पिछली फिल्म के घटनाक्रम से 10 साल आगे की होगी। इसमें पुराने और चहेते किरदार अपनी जिंदगी के नए दौर, नई चुनौतियों और बदले हुए अनुभवों के साथ पर्दे पर लौटेंगे।

​राजकुमार हिरानी की फिल्मों की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे बेहद जटिल और गंभीर मुद्दों को भी बड़ी सादगी और हास्य के साथ परोसते हैं। ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल में भी वही भावनात्मक गहराई, व्यंग्य और सामाजिक संदेश देखने को मिलेगा जो हिरानी की पहचान है।

आज जब ‘3 इडियट्स’ को एक फिल्म से ज्यादा एक आंदोलन की तरह याद किया जाता है, तब इसके सीक्वल का आना सिनेमाई दुनिया के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। अब देखना यह होगा कि रैंचो और उसके साथियों की यह नई यात्रा दर्शकों के दिलों में क्या नए सवाल और कैसी नई उम्मीदें पैदा करती है।