आगरा में रविवार को 47 डिग्री के पार पहुंचा पारा, सड़कों पर दिन में दिखा सन्नाटा

स्थानीय समाचार

आगरा: रविवार को गर्मी अपने पूरे रौद्र रूप में पहुंच गई। तपिश झुलसा रही थी। यूपी के बांदा में तो यह हाल था कि यहां पर तापमान 49 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद यहां के डीएम को एडवाइजरी जारी करनी पड़ी। डीएम अनुराग पटेल ने कहा कि लोग सुबह छह बजे से 11 बजे तक और शाम पांच बजे के बाद ही घर से निकलें।

आगरा में दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा दिखा। जिन्हें घर से निकलना जरूरी था, सिर्फ वही घर से बाहर निकले। सुबह 10 बजे के बाद तो गली, मोहल्लों में भी सन्नाटा दिखा। सूरज की तपिश लोगों को झुलसा रही थी। आमतौर पर दोपहर में गुलजार रहने वाले बाजार खाली पड़े थे। आगरा में अधिकतम तापमान 47.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने दी राहत भरी खबर

हालांकि मौसम विभाग ने कुछ राहत भरी खबर दी है। उसका कहना है कि आने वाले दो दिन में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में मौसम बदलेगा। बूंदाबांदी और हल्की बारिश भी हो सकती है। इसका असर आसपास के राज्यों और जिलों में भी होगा। गर्म हवाओं से निजात मिलेगी।