आगरा। यमुना मैया के पावन तट, बल्केश्वर पर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में चल रहे 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का चतुर्थ दिवस मां महालक्ष्मी की दिव्य छटा और खाटू श्याम बाबा की भक्ति के नाम रहा। मां महालक्ष्मी का भव्य फूल बंगला वाटिका के स्वरूप में श्रृंगार किया गया, उन्हें विशेष सतरंगी पोशाक धारण कराई गई तथा श्रद्धा और भक्ति के साथ छप्पन भोग अर्पित किए गए। संध्या होते ही विशाल मंच पर सजे श्याम बाबा के अलौकिक दरबार में भजन संध्या का ऐसा रंग जमा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्तिरस में डूबे रहे।
श्री देवी जी ट्रस्ट एवं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव के चतुर्थ दिवस मंदिर परिसर आस्था और उल्लास के अद्भुत रंगों से सराबोर नजर आया।
फूलों और फल सब्जी की वाटिका के बीच मां का दिव्य श्रृंगार
चतुर्थ दिवस मां महालक्ष्मी का श्रृंगार विशेष रूप से फूल बंगला वाटिका की थीम पर किया गया। रंग-बिरंगे और सुगंधित पुष्पों एवं फल सब्जी से सजे मंदिर परिसर में ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो मां महालक्ष्मी स्वयं पुष्पों की दिव्य वाटिका में विराजमान हों।
विशेष रूप से तैयार की गई सतरंगी पोशाक एवं स्वर्ण आभूषण धारण किए मां महालक्ष्मी का स्वरूप अत्यंत मनोहारी और दिव्य दिखाई दे रहा था। पुष्पों की सजावट, आकर्षक श्रृंगार और मंदिर परिसर की रोशनी ने मां के दरबार की भव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालु मां के इस अनुपम स्वरूप के दर्शन कर भावविभोर हो उठे।
मां महालक्ष्मी को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ छप्पन भोग अर्पित किए गए।
मां के फूल बंगला सेवा की व्यवस्था की जिम्मेदारी श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के महामंत्री मनोज जैन द्वारा संभाली गई, जबकि पोशाक सेवा ध्रुव गर्ग द्वारा की गई।
मैया की आरती और श्याम बाबा की ज्योत से हुआ भजन संध्या का शुभारंभ
खाटू श्याम जी की भव्य भजन संध्या का शुभारंभ मां महालक्ष्मी की आरती एवं श्याम बाबा की ज्योत प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा नेता अभिनव उपाध्याय, श्री देवी जी ट्रस्ट के राममोहन कपूर, सतीश गोपाल कपूर, अपिल कपूर एवं तुषार कपूर ने मां महालक्ष्मी की आरती उतारी और श्याम बाबा की ज्योत प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार, भव्य मंच बना आकर्षण का केंद्र
भजन संध्या के लिए तैयार किया गया विशाल मंच अपनी भव्यता के कारण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रकाश सज्जा और आकर्षक धार्मिक सजावट के बीच सजा श्याम बाबा का भव्य दरबार श्रद्धालुओं को बरबस अपनी ओर आकर्षित कर रहा था। श्याम बाबा का विशेष और अलौकिक श्रृंगार सीताराम बाबा द्वारा किया गया। बाबा के दिव्य स्वरूप, फूलों की मनोहारी सजावट और भव्य दरबार के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। श्याम बाबा के डोला सेवा की जिम्मेदारी मनीष अग्रवाल द्वारा संभाली गई।
पांच दिवसीय आयोजन आस्था और संस्कृति का सुंदर संगम : प्रो. एसपी सिंह बघेल
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने कहा कि श्री महालक्ष्मी मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को हमारी गौरवशाली संस्कृति एवं परंपराओं का संदेश देते हैं।
उन्होंने आयोजकों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मां महालक्ष्मी और भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि श्री महालक्ष्मी मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ आगरा की सांस्कृतिक परंपरा को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
भाजपा नेता अभिनव उपाध्याय ने कहा कि आज के समय में इस प्रकार के आयोजन विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इनके माध्यम से युवा पीढ़ी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ती है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में जिस प्रकार समाज के हर वर्ग की सहभागिता देखने को मिल रही है, वह हमारी सांस्कृतिक एकता का परिचायक है।
भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु
भजन संध्या में टीसीरीज के गायक बृजराज लक्खा, शर्मा सिस्टर्स के नाम से प्रसिद्ध बेटू एवं आल्या शर्मा द्वारा प्रस्तुत मधुर और भक्तिमय भजनों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। श्रीकृष्ण और श्याम बाबा की महिमा का गुणगान करते भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।
कभी पूरा परिसर जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा तो कभी भक्त भजनों की मधुर स्वर लहरियों में खो गए।
शनिवार को विशाल श्याम की रसोई के साथ होगा महोत्सव का समापन
श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को पांच दिवसीय इस भव्य श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का समापन विशाल श्याम की रसोई के साथ होगा। इसमें 7000 से अधिक श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल, दिलीप बंसल, संजीव अग्रवाल, प्रीति पवन जैन, अमित अग्रवाल, सुमित, अजय, भोलानाथ अग्रवाल, कौशल बंसल, विनोद राठौर, अखिलेश, आशीष, गौरव, राकेश, नवीन, नीरज आदि उपस्थित रहे।
