आगरा: शादी में गया हुआ था परिवार, चांदी कारोबारी के यहाँ से लाखों की नगदी-जेवरात चुरा चोर हुए फरार

Crime

अगरा। थाना सिकंदरा के आवास विकास निवासी एक चांदी कारोबारी के उस समय होश उड़ गए जब वह एक शादी समारोह से वापस लौटे। घर का ताला टूटा हुआ था, अंदर जाकर देखा तो अलमारी और बेड का पूरा सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित ने थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक करने में जुटी हुई है। पीड़ित के अनुसार चोर लाखों की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात ले गए हैं।

चांदी कारोबारी अनूप यादव थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित आवास विकास सेक्टर 11 में रहते हैं। गुरुवार को वह घर का ताला बंद कर शादी में परिवार के साथ दिल्ली गए हुए थे। शुक्रवार सुबह जब वह वापस लौटे तो उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे और अलमारी एवं बेड का सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने इसकी सूचना थाना सिकंदरा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना सिकंदरा पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक करने में जुटी हुई है।

पीड़ित के अनुसार चोर घर से लाखों की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात चुराकर ले गए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। वहीं आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं।