आगरा:. ताजनगरी के बाज़ारों में आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने मोर्चा खोल दिया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के कड़े निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने घी और खाद्य तेलों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में हुई इस छापेमारी से व्यापारिक हलकों में हड़कंप मच गया।
बड़े ब्रांड्स और स्टोर पर छापा
इस विशेष अभियान के तहत विभाग की टीमों ने नामचीन प्रतिष्ठानों की भी सुध ली। जांच के दौरान पतंजलि फूड्स लिमिटेड, रिलायंस रिटेल (दयालबाग), एस.के. ट्रेडर्स और किशोर ट्रेडर्स जैसे बड़े आउटलेट्स से सरसों तेल, रिफाइंड पामोलीन, सोयाबीन, मूंगफली और राइस ब्रान ऑयल के कुल 14 नमूने संकलित किए। इन सभी सैंपल्स को तत्काल जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है।
हजारों का घी किया गया जब्त
कार्यवाही के दौरान टीम ने ग्वालियर रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी और माल का बाजार क्षेत्र में संदिग्ध घी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। सुदेश कुमार अग्रवाल के यहां से 14 किलोग्राम और आशीष ट्रेडर्स से 13 किलोग्राम संदिग्ध घी बरामद कर सीज किया गया। जब्त किए गए कुल 27 किलोग्राम घी की बाजार में कीमत करीब 15,615 रुपये आंकी गई है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी विधिक कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान महज औपचारिकता नहीं है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलते ही उन प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, जिनके सैंपल फेल होंगे। प्रशासन ने जनता को भरोसा दिलाया है कि सुरक्षित और गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए शहर में ऐसे औचक निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे।

