सपा के संस्‍थापक नेता जी मुलायम सिंह यादव की अस्थियां संगम में विसर्जित

Politics

संगम पर अस्थि विसर्जन के दौरान हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस के पसीने छूट गए। जैसे ही अखिलेश का काफिला संगम तट पर पहुंचा बैरिकेडिंग व्यवस्था ध्वस्त हो गई। हर कोई एक झलक देखने के लिए परेशान रहा।

अस्थि विसर्जन के लिए बनाए गए वीआईपी नौका पर सपा जिलाध्यक्ष योगेशचंद्र यादव को छोड़कर किसी भी सपा नेता को प्रवेश नहीं दिया गया। सपा के विधायकों को भी बाहर ही रोक दिया गया। पूर्व सांसद रेवती रमण सिंह भी घाट पर पहुंचे। वह गाड़ी में ही बैठे रहे। सुरक्षा के मद्दनजर उन्हें वाहन से नीचे नहीं उतरने दिया गया।

मुलायम सिंह यादव के साथ चाचा शिवपाल यादव सहित धर्मेंद्र यादव, प्रतीक यादव आदि मौजूद रहे। सपा मुखिया को 11.40 पर बमरौली हवाई अड्डे पर आना था, लेकिन वह कुछ विलंब से पहुंचे। संगम पर वह करीब डेढ़ बजे पहुंचे।

10 अक्तूबर को हुआ था निधन

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रहे मुलायम सिंह यादव का निधन लंबी बीमारी के बाद 10 अक्तूबर को हो गया था। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मुखाग्नि दी है। इसके पूर्व हरिद्वार में भी अस्थियों का विसर्जन किया जा चुका है।

बेटी अदिती भी रहीं साथ

सपा संस्थापक मुलायम सिंह की अस्थि विसर्जन के दौरान पिता अखिलेश यादव के साथ उनकी पुत्री अदिति यादव भी मौजूद रहीं। वीवीआईपी किला घाट पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किया गया था। वीआईपी क्रूज को तैयार किया गया था, जिसमें परिवार के सभी लोग सवार होकर संगम पर गए।

-Compiled by up18 News