सपा बहादुर छोड़ दें 2027 के सपने… 5 राज्यों के नतीजों के बाद डिप्टी सीएम केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

Politics

लखनऊ: पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन ने उत्तर प्रदेश के सियासी पारे को चढ़ा दिया है। पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की ‘प्रचंड’ जीत के संकेतों के बीच यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर सीधा प्रहार किया है। मौर्य ने कहा कि इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि जनता अब विपक्षी गठबंधन की नकारात्मक राजनीति को सुनने को तैयार नहीं है।

​अखिलेश के ‘साथियों’ पर साधा निशाना

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर मोर्चा खोलते हुए डिप्टी सीएम ने विपक्षी एकजुटता पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव के तमिलनाडु वाले ‘भैया’ (एम.के. स्टालिन) और बंगाल की ‘दीदी’ (ममता बनर्जी) को जनता ने हाशिए पर धकेल दिया है। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का जिक्र करते हुए कहा कि जब ये दिग्गज ही ‘चारों खाने चित्त’ हो चुके हैं, तो सपा को 2027 में उत्तर प्रदेश की सत्ता के सपने देखना अब बंद कर देना चाहिए।

​”नारी शक्ति का अपमान पड़ा भारी”

केशव प्रसाद मौर्य ने अपने दूसरे पोस्ट में हार की वजहों का विश्लेषण करते हुए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि जिन दलों (कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके) ने इस अधिनियम का विरोध किया, उनका हश्र जनता ने बुरा कर दिया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि “नारी शक्ति का विरोध करने वाले न घर के रहेंगे और न घाट के” और 2027 में सपा की राजनीतिक गति इनसे भी अधिक खराब होने वाली है।

​दक्षिण और पूर्व में भाजपा का विस्तार

डिप्टी सीएम ने केवल जीत वाले राज्यों ही नहीं, बल्कि तमिलनाडु और केरल में भाजपा के प्रदर्शन को भी उत्साहजनक बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में भाजपा अब दक्षिण के राज्यों में भी अगली बार सरकार बनाएगी। भाजपा मुख्यालय में जश्न के माहौल के बीच मौर्य के इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए ‘शंखनाद’ के तौर पर देखा जा रहा है।