RSS के वरिष्ठ नेता और प्रचारक मदन दास देवी का निधन, पीएम सहित क़ई नेताओं ने शोक जताया

National

सरकार से इतर संघ (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) के सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित कई अन्य लोगों ने भी मदन दास देवी के निधन पर शोक जताया है। जो लोग मदन दास देवी को नहीं जान रहे, उनमें इस बात की उत्सुकता है कि आखिर वो कौन थे, जिनके निधन पर इतने लोगों ने श्रद्धांजलि दी।

सोमवार सुबह बेंगलुरु में निधन, पुणे में होगा अंतिम संस्कार

मदन दास देवी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता और प्रचारक थे। उनके तैयार किए हुए कई नेता आज केंद्र में मंत्री हैं। मदन दास देवी का सोमवार की सुबह बेंगलुरु में निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को पुणे में होगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को आगे बढ़ाने में मदन दास की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

चार्टर्ड एकाउंटेंट में गोल्ड मेडलिस्ट थे मदन दास देवी

मदन दास देवी चार्टर्ड एकाउंटेंट में गोल्ड मेडलिस्ट थे। वो चाहते तो अपने सीए प्रोफाइल में आगे बढ़कर करोड़ों की कमाई और शानो-शौकत वाला जीवन जी सकते थे। लेकिन उन्होंने राष्ट्र के लिए कार्य करने का निर्णय लिया था। 81 वर्षीय मदन दास देवी कठोर अनुशासन के लिए जाने जाते थे और कुशल संगठनकर्ता थे। उनके तैयार किए कई कार्यकर्ता आज आरएसएस, भाजपा सहित संघ के कई अनुषांगिक संगठनों में कार्य कर रहे हैं।

अमित शाह ने करोड़ों कार्यकर्ताओं का प्रेरणापुंज बताया

गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री मदनदास देवी जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। निस्वार्थ भाव से राष्ट्रसेवा व संघ कार्य में अपना जीवन समर्पित करने वाले मदन दास जी का जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति हुई है। वह करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए एक प्रेरणापुंज के समान थे। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे श्री मदन दास देवी जी के निधन से मुझे अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा में खपा दिया। उनका जीवन सभी को निष्काम भाव से समाज सेवा की प्रेरणा देता है। उनका जाना समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएँ।ॐ शांति !

अभाविप को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण रही भूमिका

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को आगे बढ़ाने में मदन दास की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही है। 1970 से 1992 तक वे अभाविप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रहे। उस दौरान अभाविप की जड़ को मजबूत करने का काम किया। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के समय वे सह सरकार्यवाह रहते हुए सरकार और संघ में समन्वय का कार्य देखते थे। कहा जाता है कि उस समय राम मंदिर को लेकर विहिप के राष्ट्रीय महामंत्री अशोक सिंघल और वाजपेयी जी में हुए मनमुटाव को दूर करने में इन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

70 साल तक संघ का प्रचार-प्रसार किया

मदन दास देवी की तबीयत कई दिनों खराब थी। एक साल पहले उनका हरिद्वार के पालमपुर के आयुर्वेद संस्थान में पंचकर्म और अन्य उपचारों से भी इलाज किया गया था। इस बीच खबर है कि उनके पार्थिव शरीर का कल सुबह 25 जुलाई को पुणे में अंतिम संस्कार किया जाएगा. मदनदास देवी ने बचपन से ही अपना जीवन राष्ट्र सेवा और संघ कार्य में बिताया। अपने जीवन के लगभग 70 वर्ष तक उन्होंने संघ के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य किया।

Compiled: up18 News