उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में स्‍कूली बस पलटने से 2 बच्‍चों की मौत और 20 घायल

Regional

जौनपुर के पर मालपुर स्थित श्रीमती कांति देवी जनता विद्यालय के बच्चों को लेकर स्कूल बस पूर्ण पर निकली थी। बच्चे प्रतापगढ़ के मनगढ़ धाम और आनंद भवन के टूर पर जा रहे थे। शनिवार की सुबह यात्रा शुरू हुई तो बच्चे काफी खुश थे लेकिन सुबह 10 बजे प्रयागराज- वाराणसी मार्ग पर हंडिया के भेस्की गांव के पास तेजी से जा रही बस के आगे बाइक सवार दो युवक आ गए। उनको बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटने से चीख-पुकार मच गई।

गांव के लोगों ने बच्चों की बस को पलटते हुए देखा तो दौड़ते हुए पहुंचे। हंडिया थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। 20 घायल बच्चों को हंडिया कस्बा स्थित देवराज हॉस्पिटल ले जाया गया। बस की चपेट में आए घायल बाइक सवारों को भी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने दो बच्चों के मौत की पुष्टि की है। उनके परिवार के लोगों को जानकारी दे दी गई है। वे अस्पताल पहुंच रहे हैं।

स्कूल बस में 75 बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए ले जाया जा रहा था। साहिबाबाद के पास मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बस पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डीसीपी गंगा नगर अभिषेक अग्रवाल ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। सीएचसी में घायल बच्चों का हालचाल जाना। गंभीर रूप से घायल बच्चों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।

डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि अब तक दो बच्चों की मौत की सूचना है। बच्चों को पहले सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को प्रयागराज रेफर किया गया है। घटना की समीक्षा हो रही है। कुछ समय बाद ही पूर्ण क्षति के बारे में जानकारी मिल सकेगी।

Compiled: up18 News