संतूर वादक Dr Bipul Kumar Ray को आकाशवाणी–दूरदर्शन का ‘टॉप ग्रेड’ सम्मान, नई दिल्ली ने देश के अग्रणी शास्त्रीय कलाकारों की सूची में किया शामिल

विविध

नई दिल्ली: भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में, प्रख्यात संतूर वादक डॉ. बिपुल कुमार राय को ऑल इंडिया रेडियो (आकाशवाणी) एवं दूरदर्शन, नई दिल्ली द्वारा प्रतिष्ठित ‘टॉप ग्रेड’ प्रदान किया गया है। प्रसार भारती की ओर से यह सम्मान उन्हें देश के चुनिंदा एवं विशिष्ट शास्त्रीय कलाकारों की श्रेणी में स्थापित करता है।

डॉ. राय समकालीन भारतीय शास्त्रीय संगीत के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में उभरते हैं—एक सिद्धहस्त संतूर वादक, संगीतकार, शिक्षाविद् एवं सांस्कृतिक दूत। प्रख्यात संतूर गुरु पद्मश्री पंडित भजन सोपोरी के वरिष्ठ शिष्य के रूप में डॉ. राय उस समृद्ध परंपरा के वाहक हैं, जिसने संतूर को एक स्वतंत्र शास्त्रीय वाद्य के रूप में स्थापित किया। उनकी प्रस्तुतियाँ मधुरता, लयात्मक परिपक्वता और आध्यात्मिक गहराई से परिपूर्ण होती हैं, जो श्रोताओं के मन में गहरी भावनाएँ जगाती हैं।

शैक्षणिक क्षेत्र में डॉ. राय समान रूप से प्रतिष्ठित हैं। उन्होंने शास्त्रीय गायन में स्नातकोत्तर एवं एम.फिल. की उपाधि प्राप्त की है तथा दिल्ली विश्वविद्यालय से संतूर में पीएच.डी. की है। ‘रागांजलि अकादमी ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स’ के संस्थापक के रूप में वे युवा प्रतिभाओं को प्रशिक्षित कर भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं प्रसार में निरंतर योगदान दे रहे हैं।

एक सांस्कृतिक दूत के रूप में डॉ. राय ने भारत के शास्त्रीय संगीत को वैश्विक मंचों पर प्रतिष्ठित किया है। उन्होंने मिस्र, वेनेजुएला, पेरू, कतर, ऑस्ट्रिया, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड, थाईलैंड और श्रीलंका सहित अनेक देशों में प्रस्तुतियाँ दी हैं। इससे पूर्व वे भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा ‘आउटस्टैंडिंग कैटेगरी आर्टिस्ट’ तथा बिहार सरकार द्वारा ‘बिहार कला पुरस्कार’ से भी सम्मानित किए जा चुके हैं।

उनकी संगीत रचनाएँ—’स्ट्रिंग्स एंड स्ट्रोक्स – सेलेस्टियल संतूर’ ‘स्टारलाइट संतूर’ ‘द स्काई’ और ‘ओडिसी ऑफ संतूर’ —परंपरागत शुद्धता और समकालीन अभिव्यक्ति का सुंदर संगम प्रस्तुत करती हैं।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर डॉ. राय ने कहा, “आकाशवाणी दिल्ली ने मुझे टॉप ग्रेड प्रदान किया है। यह मेरे गुरुजनों, माता-पिता और संगीत प्रेमियों के आशीर्वाद और संगीत की दिव्य शक्ति का प्रतिफल है। यह सम्मान मेरी जिम्मेदारी को और बढ़ा देता है।”

आकाशवाणी एवं दूरदर्शन द्वारा प्रदत्त यह ‘टॉप ग्रेड’ सम्मान डॉ. बिपुल कुमार राय के संगीत जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उन्हें संतूर परंपरा के प्रमुख ध्वजवाहक के रूप में स्थापित करता है।