व्यापारियों की हर समस्या का होगा समाधान: रविकांत गर्ग

Press Release

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग ने कहा है कि अब व्यापारियों की हर समस्या का समाधान होगा। उनको पूरा सम्मान दिया जाएगा। यदि कोई अफसर किसी व्यापारी का उत्पीड़न करता है तो व्यापारी मंडल के पदाधिकारी या उन्हें अवगत कराए, ऐसे अफसरों के खिलाफ भी कार्रवाई कराई जाएगी।

वह शिकोहाबाद में नवनियुक्त कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इसके बाद कहा, व्यापारियों के हित के लिए भारतीय उद्योग व्यापार मंडल शुरू से ही संघर्ष करता रहा है। उन्होंने कहा, अगर अधिकारी किसी का भी उत्पीड़न करता है तो वह सीधे उनसे मिल सकता है। उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा।

इस दौरान भारतीय उद्योग व्यापार मंडल आगरा के अध्यक्ष सुधीर गुप्ता और महामंत्री मुकेश कुमार गर्ग ने उनका अभिनंदन किया। उन्हें आगरा के व्यापारियों की समस्याओं से रुबरु कराया। इस दौरान उपाध्यक्ष रविंद्र गोयल, निखिल गर्ग, कार्यसमिति सदस्य वीरेंद्र गुप्ता आदि शामिल रहे।