यूक्रेन में युद्ध शुरू होने के बाद रूस के स्टार म्यूजिशियन वेलेरी जर्जिएव पर अमेरिका और यूरोप में रोक लगा दी गई है। राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन का लंबे समय से समर्थन करने के कारण कई सांस्कृतिक संस्थाओं ने जर्जिएव के कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाया है। लेकिन, इस सप्ताह पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिन पिंग की वार्ता के एक सप्ताह बाद जर्जिएव का बीजिंग में गर्मजोश स्वागत किया गया।
यूक्रेन पर हमले के बाद जर्जिएव ने पहली बार मेरिंस्की ऑर्केस्ट्रा के साथ विदेश दौरा किया है। चीनी फैन्स ने जर्जिएव का कार्डों और गुलदस्तों से स्वागत किया। उन्होंने चीनी कम्युनिस्टों की क्लासिक धुन-ओडे टू द रेड फ्लेग पेश की।
सरकारी मीडिया ने उनके दौरे को रूस-चीन के कल्चरल रिश्तों में एक नए युग की शुरुआत बताया है। जर्जिएव ने पश्चिमी आलोचकों पर प्रहार करते हुए कहा कि वे विश्व में रूसी कल्चर को आगे बढ़ाने के लिए काम करते रहेंगे। यूक्रेन युद्ध ने रूसी म्यूजिक और डांस ग्रुपों को बुरी तरह प्रभावित किया है। रूस के ऑपेरा सिंगर, बोलशोई डांसर और मेरिंस्की ऑर्केस्ट्रा के कार्यक्रम अमेरिका और यूरोप के प्रमुख थिएटरों में होते थे। पुतिन के निकट समझे जाने वाले आर्टिस्टों पर पश्चिम में रोक की वजह से रूस अपनी इमेज को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहा है।
चीन के साथ संयुक्त अरब अमीरात, कजाखस्तान, सर्बिया और अन्य मित्र देशों से सांस्कृतिक संबंध बढ़ाए जा रहे हैं। बोलशोई बैले कंपनी इस वर्ष चीन में दो टूर करेगी। सेंट पीटर्सबर्ग का स्टेट हर्मिटेज म्यूजियम सर्बिया में अपनी ब्रांच खोल रहा है।
न्यूयॉर्क, बर्लिन में नियमित रूप से कार्यक्रम पेश करने वाले स्टार म्यूजिशियन दुबई,इस्तांबुल,बेलग्रेड और सर्बिया में कार्यक्रम पेश करेंगे। रूसी आर्टिस्टों के लिए चीन आकर्षक बाजार के रूप में उभर रहा है।
कई शहरों में कार्यक्रम रद्द
बोलशोई डांसर और मेरिंस्की ऑर्केस्ट्रा के प्रोग्राम लंदन,मेड्रिड, न्यूयॉर्क और कुछ शहरों में रद्द कर दिए गए। 70 देशों के 1700 मूवी थिएटरों में बोलशोई डांस कार्यक्रम के प्रसारण रोक दिए गए। पुतिन से संबंध रखने वाले कई रूसी स्टारों को पश्चिमी देशों में बैन कर दिया है।
Compiled: up18 News