मथुरा जिला जेल में कैदी ने किया आत्महत्या का प्रयास, हालत गंभीर

City/ state Regional

मथुरा। जिला जेल में पिछले पांच साल से बंद एक कैदी ने आज आत्महत्या का प्रयास किया जिसके बाद उसे जेल प्रशासन ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां कैदी का ऑपरेशन किया गया।

मथुरा के थाना हाई वे क्षेत्र की अमर बिहार कॉलोनी का रहने वाले जितेंद्र उर्फ जीतू ने बुधवार की सुबह जेल में आत्महत्या का प्रयास किया। जीतू ने चम्मच को घिसकर धारदार हथियार बना लिया। जितेंद्र ने इसी धारदार हथियार से अपनी गर्दन और शरीर पर घाव बना लिया। लहूलुहान हालत में जेल प्रशासन ने जीतू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसके गले का ऑपरेशन किया।

बेल नहीं हो पाने से अवसाद में था जितेंद्र

जितेंद्र उर्फ जीतू 307 के एक मामले में 5 साल से जेल में हैं। जीतू की बेल नहीं हो रही थी इस कारण परिवार भी परेशान था। अवसाद में आ कर जितेंद्र ने बुधवार को अपनी गर्दन काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घायल अवस्था में जितेंद्र ने बताया कि उसकी बेल नहीं हो पा रही इसी कारण उसने आत्महत्या करने के लिए यह कदम उठाया।

जेल के बाथरूम में किया था आत्महत्या का प्रयास: जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह  

जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को जितेंद्र नित्य क्रिया के लिए बाथरूम में गया था। इसी दौरान उसने अपने आप को लहूलुहान किया था। बाथरूम में कुछ देर बाद ही जब सफाई कर्मी गया तब उन्होंने जितेंद्र को घायल अवस्था मे देखा जिसके तत्काल बाद अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ मुकुंद बंसल ने बताया कि जितेंद्र की अब हालत में सुधार है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया जितेंद्र के शरीर पर निशान थे, घाव थे लेकिन सर्जन ने उनका छोटा ऑपरेशन कर दिया है अब हालत में सुधार है।

307 के एक मामले में जेल में निरुद्ध था जितेंद्र

जितेंद्र थाना हाई वे से 307 के एक मामले में जेल में निरुद्ध था। जेल में पिछले 5 वर्ष से निरुद्ध हैं। फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इस मामले में जेल प्रशासन अब यह पता लगाने में लगा है कि वह चम्मच कब लेकर बाथरूम में गया।

-एजेंसी