उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लोकप्रिय विहार इलाके में शुक्रवार की देर रात घरेलू कलह ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि एक हंसता-खेलता परिवार पलभर में उजड़ गया। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही पत्नी और पंद्रह साल की मासूम बेटी को मौत के घाट उतार दिया, जबकि उसकी छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है।
क्या है मामला
गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में शुक्रवार देर रात एक परिवार में हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 45 वर्षीय राजा अंसारी ने अपनी पत्नी तबस्सुम और 15 साल की बेटी सना पर चाकू से हमला कर उनकी जान ले ली। घटना के दौरान 14 साल की छोटी बेटी ने मां और बहन को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला किया। वह किसी तरह घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों तक पहुंची जिसके बाद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
वारदात लोकप्रिय विहार कॉलोनी में रात करीब 12 बजे हुई। राजा मूल रूप से बिहार के अररिया का रहने वाला बताया जा रहा है और खोड़ा मंडी में मुंशी का काम करता है। वह यहां किराए के मकान में पत्नी और दोनों बेटियों के साथ रहता था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला और बड़ी बेटी के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे जबकि घायल छोटी बेटी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किचन से चाकू लाकर बरपाया कहर
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। छोटी बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता अक्सर बेटा नहीं होने की बात को लेकर मां से विवाद करते थे। शुक्रवार रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
बेटी के मुताबिक बहस बढ़ने के बाद राजा किचन में गया और वहां से चाकू लेकर आया। उसने पत्नी पर हमला कर दिया। बड़ी बेटी सना मां को बचाने के लिए आगे बढ़ी तो आरोपी ने उस पर भी वार कर दिया। दोनों के गिरने के बाद आरोपी ने छोटी बेटी को भी निशाना बनाने की कोशिश की।
जान बचाकर भागी छोटी बेटी, पड़ोसियों ने दबोचा
14 वर्षीय बच्ची किसी तरह आरोपी से बचकर घर के बाहर पहुंची और मदद के लिए शोर मचाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बच्ची ने पड़ोसियों को बताया कि उसके पिता ने मां और बड़ी बहन पर हमला किया है।
पड़ोसियों ने घर के अंदर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
नशे का आदी था आरोपी, पड़ोसियों ने खोले राज
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजा नशा करता था और उसका व्यवहार अक्सर गुस्सैल रहता था। पड़ोसियों ने दावा किया कि बेटा नहीं होने को लेकर वह पत्नी से आए दिन विवाद करता था। लोगों के मुताबिक, कई बार उसे समझाने की कोशिश भी की गई थी।
पड़ोसी बाबू खान ने बताया कि परिवार के लोग ज्यादा लोगों से घुलते-मिलते नहीं थे और अक्सर घर के अंदर ही रहते थे। शुक्रवार रात अचानक घर से चीखने की आवाजें सुनाई दीं तो आसपास के लोग वहां पहुंचे। अंदर का मंजर देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
