आगरा में सजा हरियाली तीजोत्सव मेला: सावन की मल्हार और लोकगीतों की गूंज के बीच नारी प्रतिभाओं का अद्भुत संगम

विविध

भारत विकास परिषद संकल्प आगरा ब्रज प्रांत के हरियाली तीजोत्सव मेले में 40 स्टॉलों पर उमड़ी खरीदारी

नौ टीमों ने दी मल्हार की प्रस्तुति; 400 से अधिक महिलाओं की हुई हीमोग्लोबिन जांच

आगरा। भारत विकास परिषद संकल्प, आगरा ब्रज प्रांत की ओर से भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठ परंपराओं, संस्कारों के उन्नयन, महिला स्वावलंबन एवं स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित हरियाली तीजोत्सव मेला लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। सावन की मल्हार, झूलों की मस्ती, पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और विभिन्न प्रतियोगिताओं ने मेले को संस्कृति एवं नारी प्रतिभा के अनूठे उत्सव में बदल दिया।

मेले का शुभारंभ महापौर हेमलता दिवाकर, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, केशव दत्त गुप्ता, एडवोकेट वसंत गुप्ता, गुंजन अग्रवाल, राजीव गोयल, उमेश बंसल, सीए विवेक अग्रवाल, डॉ. तरुण शर्मा एवं डॉ. कैलाश चंद सारस्वत ने दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया।

मल्हार की तानों से गूंजा सावन

अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि तीजोत्सव में एक ओर झूले सावन की उमंग को बढ़ा रहे थे, तो दूसरी ओर महिलाओं के समूहों ने पारंपरिक मल्हार एवं लोकगीतों की प्रस्तुतियों से वातावरण को सावनमय कर दिया। नौ महिला टीमों ने मल्हार गायन प्रस्तुत कर ब्रज की लोक संस्कृति और सावन की परंपरा को जीवंत किया। ढोलक-मजीरे की थाप और लोकगीतों की मधुर धुनों ने उपस्थित लोगों को सावन की अनुभूति कराई।

40 स्टॉलों पर दिखा महिला उद्यमिता का हुनर

मेले में लगभग 40 स्टॉल लगाए गए, जिन पर महिलाओं ने विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को देखते हुए राखी, श्रृंगार सामग्री, परिधान, सजावटी सामान और अन्य उपयोगी वस्तुओं की जमकर खरीदारी हुई। महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच मिलने से मेले में महिला स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का संदेश भी प्रभावी रूप से सामने आया।

प्रतियोगिताओं में दिखी रचनात्मकता और संस्कृति

मेले में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता के विवाहित वर्ग में चांदनी बंसल तथा अविवाहित वर्ग में पायल ने बाजी मारी। राखी एवं थाल सज्जा प्रतियोगिता में ममता ने अपनी रचनात्मकता से प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विविध वेशभूषा प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में अमार्या तथा सीनियर वर्ग में देवांशी ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान खींचा। पौराणिक एवं सांस्कृतिक पात्रों पर आधारित वेशभूषा ने भारतीय संस्कृति के विविध रंगों को मंच पर साकार किया।

मां-बेटी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मां-बेटी के स्नेह, विश्वास और आत्मीय रिश्ते को भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। वहीं सास-बहू प्रतियोगिता में पारिवारिक रिश्तों की मधुरता, सामंजस्य और अपनत्व की झलक देखने को मिली। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।

सोलह श्रृंगार में सजीं महिलाएं, बनीं श्रीमति संकल्प तीज क्वीन

मेले का विशेष आकर्षण संकल्प श्रीमति तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। सोलह श्रृंगार एवं पारंपरिक भारतीय परिधानों में सजी महिलाओं ने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हर प्रतिभागी अपनी विशिष्ट प्रस्तुति के साथ आकर्षण का केंद्र बनी रही। प्रतियोगिता ने तीज की पारंपरिक सुंदरता और आधुनिक आत्मविश्वास का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. ममता बंसल, अंजू अग्रवाल, डॉ. सपना गोयल, इंदु वार्ष्णेय, संजना राजपूत, विदुषी जैन, ममता गर्ग एवं डॉ. रीना गुप्ता शामिल रहीं।

विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम में सेकंड चांस स्टोर के संचालन के लिए डॉ. रेणुका डंग एवं मयूरी मित्तल को सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में प्रो. आशु रानी, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. संध्या अग्रवाल, सामाजिक क्षेत्र में रानी सिंह तथा व्यवसाय के क्षेत्र में डॉ. रंजना बंसल को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

400 से अधिक महिलाओं की हुई हीमोग्लोबिन जांच

भारत विकास परिषद के एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मेले में निशुल्क हीमोग्लोबिन जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 400 से अधिक महिलाओं ने अपनी हीमोग्लोबिन जांच कराई। चिकित्सकों ने महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया से बचाव के संबंध में आवश्यक परामर्श भी दिया।

इन्होंने संभाली व्यवस्था

कार्यक्रम का संचालन कामना सारस्वत एवं अंशु अग्रवाल ने किया। मेले की व्यवस्थाओं को अंकित गोयल, आशीष अग्रवाल, नवल किशोर एवं प्रशांत शर्मा ने संभाला।

इस अवसर पर टीटू गोयल, पंकज अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, विजय जैन, विष्णु गर्ग, सोमदेव सारस्वत, रोहित पुरी, लखन सिंह, रुक्मण अग्रवाल, रचना अग्रवाल, रेनू सिंह, निशि अग्रवाल, वर्षा जैन, रूबी मोदी, वर्षा गोला, अंजना शर्मा, शालू अग्रवाल, सीमा जैन, शकुन अग्रवाल, नीलम गोयल, मीनाक्षी खरबंदा आदि उपस्थित रहीं।