आगरा: ताजनगरी में खुद को भाजपा का मीडिया प्रभारी बताने वाले कथित नेता महीपाल चौधरी की ‘रंगीन रातों’ और ‘काले कारनामों’ का कच्चा चिट्ठा अब सार्वजनिक हो गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महीपाल चौधरी एक होटल के कमरे में आराम से कुर्सी पर बैठा नजर आ रहा है, जबकि दो बार बालाएं फिल्मी गानों पर अश्लील डांस कर रही हैं। कमरे में शराब की बोतलें और गिलास भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे साफ है कि वहां ‘रंगरेलियों’ का दौर चल रहा था।
रंगदारी मांगने के बाद शुरू हुई मुश्किलें
महीपाल चौधरी की मुश्किलें तब शुरू हुईं जब उसने 6 अप्रैल को आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित एक होटल में अपनी काली स्कॉर्पियो से धावा बोला। उसके साथ दो महिलाएं और कुछ अन्य साथी भी थे। होटल संचालक अनिल कुमार के मुताबिक, इन लोगों ने खुद को रसूखदार अधिकारी बताते हुए स्टाफ को धमकाना शुरू कर दिया। रजिस्टर और आईडी चेक करने के नाम पर कमरों की तलाशी ली गई और जब संचालक ने विरोध किया, तो उससे 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं मिले, तो मीडिया में खबर चलवाकर होटल बंद करवा देंगे।
पुलिस ने दर्ज किया चौथ वसूली का केस
होटल संचालक की शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद आगरा पुलिस ने 10 अप्रैल को महीपाल चौधरी के खिलाफ चौथ वसूली (Extortion) का मुकदमा दर्ज किया। जांच में यह भी सामने आया है कि महीपाल का मुख्य पेशा ही डराना और धमकाना था। वह शहर में बन रही नई बिल्डिंगों और बिना नक्शे वाले निर्माणों की रेकी करता था और फिर ‘अधिकारी’ बनकर वहां से मोटी रकम वसूलता था।
नेताओं के साथ फोटो और फर्जी पहचान
महीपाल चौधरी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता है और उसने कई दिग्गज भाजपा नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें साझा की हैं। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में भी वह ‘मीडिया कर्मी’ का पास पहनकर पहुंचा था, ताकि अपना रसूख दिखा सके। हालांकि, अब वायरल वीडियो और पुलिस की एफआईआर ने उसकी पोल खोल दी है।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
वायरल हो रहा वीडियो संभवतः उसी पार्टी में शामिल किसी व्यक्ति ने बनाया है। वीडियो में दिख रही विलासिता और अश्लीलता ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा छेड़ दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वीडियो कब का है और उस समय वहां कौन-कौन मौजूद था। फिलहाल, रंगदारी और चौथ वसूली के मामले में पुलिस अपनी तफ्तीश तेज कर चुकी है और आरोपी की तलाश जारी है।

