आगरा: ताजनगरी के किरावली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रुनकता-गोपऊ मार्ग पर सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क पार कर रही 5 वर्षीय मासूम उन्नति को एक बेकाबू डंपर ने बेरहमी से कुचल दिया, जिससे बच्ची की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे घंटों आवागमन ठप रहा।
बुआ के पास जाना बना काल:
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मासूम उन्नति अपनी बुआ को देखकर उनके पास जाने के लिए सड़क पार कर रही थी। बुआ सड़क के दूसरी ओर कंडे थाप रही थीं और उन्होंने बच्ची को सड़क पर आता देख रुकने की आवाज भी दी थी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रुनकता की ओर से आ रहे फिरोजाबाद नंबर के तेज रफ्तार डंपर ने उन्नति को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगा जाम:
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क के बीचों-बीच रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहन चालक टोल बचाने के चक्कर में इस संकरे मार्ग का उपयोग करते हैं और बेहद तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन मासूम जिंदगियां काल के गाल में समा रही हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि मार्ग पर तत्काल बैरिकेडिंग की जाए और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए।
पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन:
हादसे की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद, पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई और मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुल सका। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी डंपर चालक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
परिवार में पसरा सन्नाटा:
मृतक बच्ची के पिता पुष्पेंद्र ने रुंधे गले से बताया कि उनकी दो छोटी बेटियां थीं, जिनमें उन्नति (5 वर्ष) बड़ी थी और पूर्वी (2 वर्ष) छोटी। इस हादसे ने पुष्पेंद्र के परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


