आगरा: आगरा कॉलेज के खेल मैदान में मेट्रो निर्माण कार्य को लेकर उपजा विवाद अब उग्र आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। गुरुवार को कॉलेज के छात्र-छात्राओं और कॉलेज प्रशासन ने आगरा मेट्रो के खिलाफ विरोध का बिगुल फूंक दिया। लगभग एक हजार विद्यार्थी सड़क पर उतर आए और कॉलेज कैंपस से मुख्य मार्ग तक मार्च निकालते हुए जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों का गुस्सा इस कदर भड़का कि वे रेलिंग तोड़कर खेल मैदान में जा पहुंचे और वहां सेल्फी लेने लगे। करीब ढाई घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था बाधित हुई और जाम खुलवाने के लिए पुलिस बल को मौके पर पहुंचना पड़ा।
विद्यार्थियों का आरोप है कि आगरा मेट्रो तय स्थल से हटकर कॉलेज की भूमि पर निर्माण कार्य कर रही है, जिससे महाविद्यालय की संपत्ति को नुकसान हो रहा है। इसका सबसे अधिक प्रभाव कॉलेज के हॉकी और क्रिकेट मैदान पर पड़ा है। छात्रों के अनुसार, बीते तीन वर्षों से मेट्रो निर्माण के कारण महाविद्यालय में खेल प्रतियोगिताएं नहीं हो पा रही हैं और खेलों से जुड़े विद्यार्थियों को प्रैक्टिस के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है।
रेलिंग तोड़कर मैदान में घुसे विद्यार्थी, मेट्रो के खिलाफ नारेबाजी
गुरुवार को आंदोलन की शुरुआत कॉलेज परिसर से हुई, जहां देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इकट्ठा हो गए। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर उन्होंने मुख्य मार्ग तक मार्च निकाला और मेट्रो के विरुद्ध जमकर नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने ‘मेट्रो तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘कॉलेज प्रशासन जिंदाबाद’ जैसे नारे बुलंद किए।
विरोध के बीच छात्रों ने मैदान की रेलिंग तोड़ दी और भीतर प्रवेश कर गए, जहां उन्होंने सेल्फी भी ली। इसके बाद विद्यार्थियों की भीड़ मेट्रो स्टेशन के भीतर पहुंच गई और स्टेशन परिसर में भी काफी देर तक नारेबाजी होती रही। छात्रों ने दो टूक कहा कि जब तक कॉलेज का स्पोर्ट्स ग्राउंड वापस नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
तीन साल से खेल आयोजन ठप, बाहर खेलने को मजबूर खिलाड़ी
छात्रों ने बताया कि आगरा कॉलेज का खेल मैदान महज जमीन का एक हिस्सा नहीं है, बल्कि हजारों विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास का अहम केंद्र है। यहां क्रिकेट और हॉकी समेत अनेक खेल गतिविधियां होती रही हैं।
मेट्रो निर्माण के चलते मैदान प्रभावित होने से खेल गतिविधियां रुक गई हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि पिछले तीन सालों से कॉलेज में कोई बड़ा खेल आयोजन नहीं हो सका है, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास और खेलों के लिए दूसरे मैदानों पर निर्भर रहना पड़ रहा है और उनकी तैयारी व प्रदर्शन प्रभावित हो रहा है।
कॉलेज में लगभग 10 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। छात्रों के मुताबिक, इस मैदान का उपयोग केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कॉलेज की सामूहिक गतिविधियों और आयोजनों के लिए भी काम आता है। ऐसे में खेल मैदान को नुकसान पहुंचाना विद्यार्थियों के हितों के विरुद्ध है।
शिक्षक ने उठाए सवाल— ‘किस कीमत पर हो रहा विकास?‘
प्रदर्शन में शामिल कॉलेज के शिक्षकों ने भी मेट्रो के निर्माण कार्य पर असंतोष जाहिर किया। एक शिक्षक ने प्रश्न उठाया कि आगरा में मेट्रो आने से विकास की आस थी, लेकिन यदि किसी शैक्षणिक संस्थान का खेल मैदान ही छीन लिया जाए तो ऐसे विकास का क्या अर्थ है? उन्होंने कहा कि कॉलेज के ग्राउंड में क्रिकेट समेत विभिन्न खेल होते हैं और खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ व्यक्तित्व निर्माण में भी बड़ी भूमिका निभाते हैं, जिसके प्रभावित होने से छात्रों का नुकसान हो रहा है।
शिक्षक ने तीन प्रमुख मांगें भी सामने रखीं:
पहली: छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले मेट्रो कर्मचारी को सेवा से हटाया जाए।
दूसरी: कॉलेज की जमीन से अतिक्रमण हटाकर आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त मैदान वापस सौंपा जाए।
तीसरी: कॉलेज प्रशासन की स्वीकृति के बिना उसकी जमीन पर किसी भी तरह का निर्माण कार्य न किया जाए।
मुख्य मार्ग पर जाम, यातायात संभालने पहुंची पुलिस
विद्यार्थियों के प्रदर्शन के कारण कॉलेज के आसपास मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। सड़क पर बड़ी संख्या में छात्रों के मौजूद रहने से वाहनों की रफ्तार थम गई और करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और यातायात सुचारू कराने में जुटे। आंदोलन में छात्राओं की भी खासी भागीदारी रही और कॉलेज प्रशासन के प्रतिनिधि भी छात्रों के साथ खड़े दिखाई दिए। छात्रों ने साफ कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक विरोध शांत नहीं होगा।
मेट्रो अधिकारियों व प्राचार्य के बीच वार्ता, 12 घंटे का अल्टीमेटम
प्रदर्शन के दौरान मेट्रो अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन के बीच बातचीत हुई। वार्ता के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने मसले के निस्तारण के लिए 12 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कॉलेज की जमीन और खेल मैदान से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान होना चाहिए। हालांकि, छात्रों का रुख कड़ा बना हुआ है और उनका कहना है कि महज बातचीत या आश्वासन से बात नहीं बनेगी, बल्कि मैदान को पूर्ववत वापस करने और वहां आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।
जेन जी का ऐलान— मांगें पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे
प्रदर्शन में मौजूद एक छात्र ने खुद को जेन जी बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी अपने हक और मांगों को लेकर पीछे हटने वाली नहीं है। छात्रों ने स्पष्ट कहा कि उन्हें मेट्रो के विकास से कोई विरोध नहीं है, लेकिन विकास की आड़ में कॉलेज का खेल मैदान प्रभावित नहीं होना चाहिए। उनके अनुसार, मेट्रो शहर की आवश्यकता है, लेकिन शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों के हितों की कीमत पर विकास स्वीकार्य नहीं है। अब सभी की नजरें मेट्रो प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन के अगले कदम पर हैं; यदि 12 घंटे में हल नहीं निकलता तो आंदोलन के फिर से तेज होने की आशंका जताई जा रही है।


